12वी की बोर्ड परीक्षा देने से पहले रीवा कलेक्टर का पढ़ ले ये आदेश
रीवा : मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की हायर सेकेण्डरी तथा व्यवसायिक परीक्षा के शेष प्रश्न पत्रों की परीक्षा 9 जून से 16 जून तक जिले के 99 परीक्षा केन्द्रों में आयोजित की जा रही है। परीक्षा 2 पालियों में आयोजित होगी। इस संबंध कलेक्टर बसंत कुर्रे ने कहा है कि परीक्षा केन्द्र में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति के लिए मास्क अथवा फेस कवर पहनना अनिवार्य होगा। सभी परीक्षार्थी मास्क पहनकर ही परीक्षा केन्द्र में आये। परीक्षा केन्द्र में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की थर्मल गन से स्क्रीनिंग की जायेगी। इस लिए परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पूर्व सभी परीक्षार्थी परीक्षा केन्द्र में उपस्थित हो जायें। कोरोना संक्रमण से बचाव के सभी उपाय करते हुए बोर्ड परीक्षा आयोजित की जा रही है।
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी तथा परीक्षा केन्द्र अध्यक्षों को निर्देश देते हुए कहा है कि सभी परीक्षा केन्द्रों को परीक्षा प्रारंभ होने तथा समाप्त होने के बाद सेनेटाइज करायें। इसके लिए शहरी क्षेत्र में नगरीय तथा ग्रामीण क्षेत्र के परीक्षा केन्द्र में जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी व्यवस्था करेंगे। सभी परीक्षा केन्द्रों में कम से कम 50 मास्क तथा थर्मल स्क्रीनिंग गन अनिवार्य रूप से व्यवस्था करायें। सभी परीक्षा केन्द्रों में सुरक्षा के लिए पर्याप्त बल तैनात रहेंगे। सभी केन्द्राध्यक्ष, राजस्व तथा पुलिस अधिकारियों से समन्वय बनाकर बोर्ड परीक्षाओं के लिए आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करें। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा दिये गये निर्देशों का पालन करते हुए बोर्ड परीक्षा आयोजित करें। परीक्षा के लिए प्रवेश पत्रों का वितरण किया जा रहा है। सभी परीक्षार्थी अपने प्रवेश पत्र यथाशीघ्र प्राप्त कर लें।