वर्दी पर दाग: रीवा पुलिस के ASI पर किशोरी से छेड़खानी का आरोप, जांच शुरू; बिछिया थाना का मामला
रीवा के बिछिया थाना क्षेत्र में एएसआई पर किशोरी से छेड़खानी का आरोप। SP ने मामले की जांच के आदेश दिए, परिजन ने कार्रवाई की मांग की।
रीवा में पुलिस पर गंभीर आरोप: ASI पर किशोरी से छेड़खानी का मामला, जांच के आदेश
मध्यप्रदेश के रीवा जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बिछिया थाना क्षेत्र में पदस्थ एक एएसआई पर एक किशोरी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। किशोरी का कहना है कि आरोपी पुलिस अधिकारी ने घर पहुंचकर उसके साथ छेड़खानी की और विरोध करने पर धमकी भी दी।
इस घटना के बाद परिजन कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, जहां मामला अधिकारियों के संज्ञान में आया और जांच के आदेश दिए गए।
किशोरी का आरोप: घर में घुसकर की अश्लील हरकत
किशोरी के अनुसार, वह घर पर अकेली थी जब एएसआई राकेश साकेत वहां पहुंचे। उन्होंने उसके चाचा के बारे में जानकारी मांगी, जिनके खिलाफ थाने में मामला दर्ज बताया जा रहा है।
जब किशोरी ने जानकारी देने से इंकार किया, तो आरोपी एएसआई जबरन घर के अंदर घुस गए। आरोप है कि उन्होंने अकेले पाकर उसके साथ अश्लील हरकत की और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद आरोपी ASI वहां से चले गए और किशोरी ने बाद में अपनी मां को पूरी बात बताई।
थाने पहुंचे परिजन
परिजन घटना की शिकायत दर्ज कराने बिछिया थाने पहुंचे, मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में आया तो ASP आरती सिंह और CSP राजीव पाठक बिछिया थाना पहुंचे। पीड़ित पक्ष का आरोप है की पुलिस ने मामले में कार्रवाई नहीं की। बल्कि उन पर समझौता करने का दबाव बनाया गया।
इसके बाद सोमवार को परिजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और लिखित शिकायत दी। उन्होंने आरोपी एएसआई के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
SP ने लिया संज्ञान, CSP को सौंपी जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने जांच के आदेश देते हुए मामले को सीएसपी को सौंप दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर आरोप सही साबित होते हैं, तो यह कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
किशोरी के चाचा का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस के अनुसार, किशोरी के चाचा के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं और उसी की जांच के लिए एएसआई वहां गए थे। हालांकि, इससे किशोरी द्वारा लगाए गए आरोपों की गंभीरता कम नहीं होती।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि दोनों पहलुओं की जांच की जाएगी और सच्चाई सामने आने के बाद उचित कदम उठाए जाएंगे।