एमपी में विराजमान अंजनी माता की आंखों से टपक रहे आंसू, श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन किया शुरू

MP Anjani Mata Damoh News: अंजनी माता की प्रतिमा से आंसू टपकने का मामला प्रकाश में आया है। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

Update: 2023-03-22 12:25 GMT

अंजनी माता की प्रतिमा से आंसू टपकने का मामला प्रकाश में आया है। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। यह खबर जंगल में आग की तरफ फैल गई और मौके पर यह दृश्य देखने लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। नवरात्रि के अवसर पर इस तरह की घटना को लेकर लोगों में काफी कौतूहल है। लोगों द्वारा इसे माता का चमत्कार मानते हुए मौके पर भजन-कीर्तन भी प्रारंभ कर दिया गया है।

लोगों ने बताया मां का चमत्कार

मामला मध्यप्रदेश स्थित दमोह के हटा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम लुहारी का बताया गया है। गांव में खेतों के बीच सूनसान इलाके में माता अंजनी का मंदिर स्थापित है। इस मंदिर में पूरे गांव के लोग पूजा-अर्चना करने के लिए पहुंचते हैं। मंगलवार की सुबह गांव के ही एक युवक हेमराज सिंह लोधी जब मंदिर माता के दर्शन करने के लिए पहुंचे तो सबसे पहले उन्होंने माता की प्रतिमा से आंसू बहते हुए देखा। युवक की मानें तो पहले उसे भ्रम हुआ किंतु जब पुनः देखा तो लगातार एक आंख से आंसू टपक रहे थे। ऐसे में इसकी सूचना अन्य लोगों को भी दी गई। जिनके द्वारा भी मौके पर पहुंचकर माता का यह रूप देख इसे चमत्कार बताया।

मन्नतों के बांधने लगे नारियल

मां की प्रतिमा से आंसू बहने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जैसे-जैसे लोगों को इस बात की जानकारी होती गई वह मौके पर पहुंचते गए। इस दौरान लोगों ने इसे मां का चमत्कार मान अपनी मन्नतों का नारियल भी बांधा। इस दौरान मौके पर एक महिला को देवी का भाव भी आने लगा। उसने कहा कि माता का मंदिर काफी छोटा है जिसको बड़ा किया जाए। काफी संख्या में यहां पहुंचे लोगों द्वारा भजन-कीर्तन भी प्रारंभ कर दिया गया है।

वाष्पीकरण से बूंद निकलना संभव

अंजनी माता की प्रतिमा से आंसू निकलने को लेकर रानी दमयंती पुरातत्व संग्रहालय के सुरेन्द्र चौरसिया का कहना है कि यदि प्रतिमा प्राचीन है तो उनके रिकार्ड में दर्ज रहती है। यदि यह प्रतिमा प्राचीन होती तो वह भी संरक्षित होती जिसकी जानकारी भी रिकार्ड में दर्ज रहती। उन्होंने कहा कि यदि प्रतिमा नई है तो पानी की बूंद वाष्पीकरण के रूप में निकल सकती है। यह लोगों की आस्था का सवाल है कि वह इसे किस नजरिये से देखते हैं।

Tags:    

Similar News