एमपी के नीमच में भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा पर पथराव, 6 आरोपी अरेस्ट

MP News: मध्यप्रदेश के नीमच जिले में भारतीय जनता पार्टी की जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान पथराव किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। तकरीबन 100 से 150 लोग यात्रा के सामने आ गए जिनको भाजपा नेताओं द्वारा समझाइश भी दी गई किंतु तभी अचानक पथराव प्रारंभ कर दिया गया।

Update: 2023-09-06 09:18 GMT

मध्यप्रदेश के नीमच जिले में भारतीय जनता पार्टी की जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान पथराव किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। तकरीबन 100 से 150 लोग यात्रा के सामने आ गए जिनको भाजपा नेताओं द्वारा समझाइश भी दी गई किंतु तभी अचानक पथराव प्रारंभ कर दिया गया। पथराव से यात्रा में शामिल वाहनों के कांच फूट गए। बताया गया है कि लोगों ने सड़क पर पहले से ही पत्थर जमा कर रखे थे।

19 लोगों को बनाया नामजद आरोपी

भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा पर पथराव किए जाने की घटना मंगलवार रात करीबन 8 बजे घटित हुई। नीमच जिला मुख्यालय से 75 किलोमीटर दूर रामपुर क्षेत्र के राउली कुड़ी गांव में यह घटना हुई। इस संबंध में एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया का कहना है कि पुलिस ने इस मामले में 19 लोगों को नामजद आरोपी बनाया हैं अब तक भेरूलाल सहित 6 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वीडियो के आधार पर अज्ञात लोगों की पहचान कर उन्हें भी आरोपी बनाया जाएगा।

भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर लगाया आरोप

जन आशीर्वाद यात्रा के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय, वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा, उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव, बंशीलाल गुर्जर और मनासा विधायक माधव मारू भी यात्रा के साथ थे। इस पथराव को लेकर उन्होंने कांग्रेस पर आरोप भी लगाया। यात्रा के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय का कहना था कि यात्रा आगे बढ़ रही थी। मनासा और रामपुरा में यात्रा का जोरदार स्वागत हुआ। रामपुरा के आगे रावली कुड़ी गांव में कुछ लोगों ने जंगल में प्शुओं को जाने नहीं देने को लेकर फॉरेस्ट के लोगों की शिकातय की। उनको समस्या हल करने का भरोसा दिलाने के बाद यात्रा आगे बढ़ी। इसी दौरान 15 से 20 लोगों ने जय कमलनाथ के नारे लगाते हुए पत्थरबाजी प्रारंभ कर दी। उन्हें समझ ही नहीं आया कि यह क्या हो रहा है। पुलिस जब उनको रोक पाती तब तक कई वाहनों के कांच फूट चुके थे। इसके साथ ही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा सहित अन्य ने भी पथराव को लेकर कांग्रेस पर आरोप लगाया।

पूर्व सीएम कमलनाथ ने किया ट्वीट

इस मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट कर कहा कि मैं जनभावनाओं को भलीभांति समझता हूं, लेकिन फिर भी मध्यप्रदेश की सम्मानित जनता से मेरा अनुरोध है कि विरोध को लोकतांत्रिक तरीके में रखें और अपराधियों को दंडित करने का काम न्यायालय को ही करने दें। कमलनाथ ने भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा पर पथराव की घटना को लेकर कहा कि समाज के हर वर्ग का उत्पीड़न करने के बाद भी शिवराज सरकार को लगता है कि जनता उन पर पत्थर नहीं, फूल बरसाएगी। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष के शासन में जनता को जो दिया है, जनता उसी को मय ब्याज लौटाने को तत्पर है।

Tags:    

Similar News