एमपी के राजगढ़ जिले में डकैती, पूर्व सरपंच की हत्या कर ले गए लाखों के आभूषण व नकदी, पत्नी की हालत गंभीर

Rajgarh MP News: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में डकैती की वारदात को अंजाम दिया गया। जिसके बाद यहां सनाका खिंच गया। सारंगपुर थाने से तकरीबन 6 किलोमीटर दूर काचरिया पुरोहित गांव में बुधवार की रात एक घर में बदमाश घुसे और यहां से लाखों के आभूषण लूट ले गए।

Update: 2023-07-13 09:58 GMT

मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में डकैती की वारदात को अंजाम दिया गया। जिसके बाद यहां सनाका खिंच गया। सारंगपुर थाने से तकरीबन 6 किलोमीटर दूर काचरिया पुरोहित गांव में बुधवार की रात एक घर में बदमाश घुसे और यहां से लाखों के आभूषण लूट ले गए। बदमाशों ने पूर्व सरपंच के घर पर धावा बोला। लूटपाट के दौरान बदमाशों ने दंपती पर वार भी किया। जिससे पूर्व सरपंच की मौत हो गई। जबकि उनकी पत्नी को गंभीर चोटें पहुंचीं जिनकी हालत गंभीर बताई गई है। उनको उपचार के लिए सारंगपुर अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां से उन्हें रेफर कर दिया गया है।

20 तोला सोना व 5 किलो चांदी लूट ले गए

सरंगपुर थाना अंतर्गत काचरिया पुरोहित गांव में बदमाशों ने कांग्रेस के वरिश्ठ नेता एवं गांव के पूर्व सरपंच बने सिंह पिता बापू सिंह के घर पर धावा बोला। बने सिंह के पुत्र राजेन्द्र सिंह के मुताबिक घर से तकरीबन 20 तोला सोना और 5 किलो चांदी बदमाश लूट ले गए। जबकि दो राइफल एवं लाखों रुपए की नकदी भी गायब है। बदमाशों द्वारा किए गए हमले से बने सिंह 85 वर्ष की मौत हो गई जबकि उनकी धर्मपत्नी लाडकुंवर बाई 82 वर्ष की हालत गंभीर है। उनको सारंगपुर से प्राथमिक उपचार के बाद बाम्बे अस्पताल इंदौर के लिए रेफर किया गया है।

पीछे से घर के अंदर घुसे बदमाश

इस संबंध में राजगढ़ एसपी वीरेन्द्र कुमार सिंह के मुताबिक बुधवार की रात तकरीबन 2 से 3 बजे बदमाश घर के अंदर घुसे। यह घर के पीछे की ओर से मकान के अंदर घुसे थे। संभवतः घर के पीछे का दरवाजा खुला था। क्योंकि उस पर तोड़ने के किसी तरह के निशान नहीं पाए गए हैं। लुटेरों ने दंपती पर भारी डंडे से वार किया। जिससे पूर्व सरपंच की मौत हो गई जबकि उनकी पत्नी घायल हैं। लुटेरों को पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। उनका कहना था कि यह किसी बाहरी गैंग का काम लगता है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

मौके पर पहुंचा डॉग स्क्वाड

सनसनीखेज लूट की जानकारी लगते ही सारंगपुर थाना प्रभारी आशुतोष उपाध्याय, एसडीओपी जोइसदास मौके पर पहुंच गए। इधर राजगढ़ से एसपी वीरेन्द्र सिंह डॉग स्क्वार्ड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट के साथ मौके पर पहुंच गए हैं। इस संबंध में एसपी ने तलेन थाना प्रभारी उमाशंकर मुकाती और सारंगपुर टीआई आशुतोष उपाध्याय को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए हैं। घटना के बाद से सारंगपुर इलाके में सनाका खिंच गया है।

Tags:    

Similar News