रीवा में शराब पीने के लिए पैसे न देने पर युवक की हत्या, नाबालिग सहित दो आरोपी गिरफ्तार, ग्रामीणों ने किया हंगामा

MP Rewa News: बीते दिवस फाइनेंस कंपनी में काम करने वाले युवक की हत्या के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

Update: 2022-07-21 09:16 GMT

MP Rewa News: मऊगंज थाना अंतर्गत चंदेह गांव में युवक की हत्या करने में शामिल दो आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया है। जबकि दो आरोपी फरार है। पकड़े गए आरोपियों में एक नाबालिग है। पुलिस द्वारा फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने आईपीसी की धारा 341, 327, 294, 302, 34 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। पकड़े गए आरोपियों को पुलिस द्वारा न्यायालय में पेश किया गया। जहां से आरोपियों को न्यायालय के आदेश के बाद जेल भेज दिया गया है।

गौरतलब है कि शाहपुर थाना के बिछरहटा निवासी नीलेश सिंह एक फाइनेंस कंपनी में कार्य करता था। मंगलवार की रात युवक रीवा से अपने घर जा रहा था। चंदेह गांव के समीप पहुंचते ही आरोपियों ने युवक को रोक कर उससे शराब पीने के लिए पैसे की मांग की। युवक द्वारा मना करने पर आरोपियो उसकी लाठी-रॉड और बोतल से हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी भाग गए। स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना पुलिस और 108 एम्बुलेंस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा युवक को सिविल अस्पताल भेजवाया गया। अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।

ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

युवक की मौत के बाद थाने पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। पुलिस द्वारा शीघ्र ही आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया गया। इसी कड़ी में बीते दिवस पुलिस ने घटना में शामिल दो आरोपियों को धर दबोचा।

ये हैं आरोपी

युवक की हत्या में शामिल जिन दो आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा है उसमें अखिलेश शुक्ला उर्फ पिंटू निवासी जमुहार टोला मऊगंज और एक नाबालिग शामिल है। जबकि साहिल शुक्ला उर्फ छोटे एवं एक अन्य आरोपी फरार है। जिनकी तलाश में पुलिस टीम लगी हुई है। पुलिस का कहना है कि शीघ्र ही फरार आरोपी पुलिस की पकड़ में होंगे।

Similar News