रीवा के पड़रा मोहल्ले में चाकूबाजी: पुरानी रंजिश में घात लगाए युवकों ने किया ताबड़तोड़ हमला, युवक की हालत गंभीर
रीवा के पडरा इलाके में गुरुवार रात एक युवक पर पुरानी रंजिश के चलते चाकू से हमला किया गया। हमले के बाद घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।;
रीवा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पडरा मोहल्ले में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया है। यह घटना गुरुवार रात को हुई, जब युवक अपने घर लौट रहा था। हमले के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
घात लगाकर किया हमला
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित युवक सूरज यादव अपने दोस्तों के साथ बाजार से लौट रहा था। तभी पहले से घात लगाकर बैठे 5-6 युवकों ने उस पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने सूरज पर ताबड़तोड़ चाकू से कई वार किए, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया।
अस्पताल में भर्ती, हालत नाजुक
गंभीर रूप से घायल सूरज को तुरंत संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। सूत्रों के अनुसार, उसकी हालत अभी चिंताजनक बनी हुई है।
पुरानी दोस्ती बनी दुश्मनी की वजह
परिजनों ने हमले का आरोप ओमकार लवी, अमित पादरा, वेद और लकी साकेत पर लगाया है। बताया गया है कि ये सभी युवक पहले दोस्त थे, लेकिन किसी बात को लेकर उनके बीच दुश्मनी हो गई थी, जो अब खूनी संघर्ष में बदल गई।
पुलिस कर रही है आरोपियों की तलाश
घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी पुष्पेंद्र मिश्रा ने बताया कि आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उनकी तलाश के लिए टीमें बनाई गई हैं। पुलिस ने जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ने और पूरे मामले का खुलासा करने का भरोसा दिया है।