नए साल में घूमिए रीवा! झरने, किले, मंदिर और नेचर पॉइंट — जानें दूरी और ट्रैवल ऑप्शन

नए साल में घूमने का प्लान बना रहे हैं? रीवा के खूबसूरत पर्यटन स्थलों की पूरी गाइड पढ़ें — दूरी, पहुंचने के तरीके और देखने लायक खास जगहें।

Update: 2025-12-30 08:10 GMT
  • नए साल पर रीवा घूमने वालों के लिए पूरी टूरिस्ट गाइड
  • हर पर्यटन स्थल की दूरी और ट्रैवल ऑप्शन के साथ जानकारी
  • झरने, किले, मंदिर, नेचर पॉइंट — यहाँ सब कुछ मौजूद
  • परिवार, कपल और फ्रेंड्स — सभी के लिए परफेक्ट हॉलिडे डेस्टिनेशन

नया साल करीब आते ही लोग अपनी अगली ट्रिप प्लान करने लगते हैं। अगर आप भी कहीं शांत, खूबसूरत और किफायती जगह ढूंढ रहे हैं, तो मध्य प्रदेश का रीवा आपके लिए शानदार विकल्प हो सकता है। यहां आपको प्रकृति, इतिहास, धार्मिक स्थलों और एडवेंचर — सबकुछ एक साथ मिलता है। आइए जानें — नए साल में रीवा में कहां-कहां घूम सकते हैं।

केवटी / क्योटी जलप्रपात | Keoti Waterfall

रीवा से करीब 40 किमी दूर यह शानदार झरना बरसात और सर्दियों में खास आकर्षण बन जाता है। 130 मीटर से ज्यादा ऊंचाई से गिरता पानी बेहद खूबसूरत नजारा देता है। यहां तक आप कार, टैक्सी या लोकल बस से आसानी से पहुंच सकते हैं।

 

पुरवा जलप्रपात | Purwa Waterfall 

रीवा शहर से 35 किमी दूर एक और शानदार जलप्रपात पुरवा है। यह जलप्रपात बरसात के दिनों बेहद आकर्षक होता है, लेकिन सर्दियों में भी यहां की हरियाली और झरने से गिरने वाले पानी की कल-कल की आवाजें पर्यटकों का मन मोह लेती है। यहां भी अपने निजी वाहन, बस और टैक्सी आदि से आसानी से पहुंचा जा सकता है।

 

चचाई जलप्रपात | Chachai Waterfall

रीवा शहर से लगभग 50 किमी दूर स्थित यह झरना अपनी ऊंचाई और प्राकृतिक सुंदरता के लिए मशहूर है। यहां पिकनिक और फोटोग्राफी का मज़ा अलग ही होता है। सड़क मार्ग से जीप, टैक्सी या निजी वाहन सबसे बेहतर विकल्प हैं।

 

बहुती जलप्रपात | Bahuti Falls

रीवा से करीब 70 किमी दूर मऊगंज के नईगढ़ी में मौजूद बहुती जलप्रपात, प्रदेश के सबसे ऊंचे झरनों में गिना जाता है। यहां का घाटी दृश्य और शांत माहौल सर्दियों में बेहद आकर्षक लगता है। पहुंचने के लिए सड़क मार्ग सबसे आसान और सुरक्षित विकल्प है।

 

व्हाइट टाइगर सफारी | White Tiger Safari

रीवा का नाम आते ही व्हाइट टाइगर याद आता है। शहर से करीब 20 किमी दूर मुकुंदपुर स्थित यह सफारी वाइल्डलाइफ प्रेमियों के लिए खास जगह है। यहां बच्चे और परिवार दोनों नेचर और वन्यजीव का मजा लेते हैं। टैक्सी और निजी वाहन से आसानी से पहुंचा जा सकता है।

 

रीवा किला और संग्रहालय | Rewa Fort & Museum

शहर के बीच स्थित रीवा किला इतिहास में रुचि रखने वालों के लिए परफेक्ट है। यहां राजघराने से जुड़े कई कलेक्शन और पुरातात्विक चीजें देखी जा सकती हैं। दूरी — शहर से लगभग 2 किमी, जिसे पैदल या ऑटो से आराम से कवर किया जा सकता है। किला परिसर में विश्व प्रसिद्ध महामृत्युंजय मंदिर स्थापित है। नए साल में हजारों की संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए आते हैं।

 

रानी तालाब | Rani Talab

यह एक शांत और सुंदर तलाब और मंदिर है, जहां लोग सुबह शाम को भ्रमण और आस्था के लिए आते हैं। शहर से दूरी करीब 3–4 किमी। परिवार और बच्चों के साथ घूमने और दर्शन दोनों के लिए अच्छा स्पॉट है। 

हनुमान मंदिर | Hanuman Temple 

शहर से महज 3 किमी की दूरी पर प्रसिद्द चिरहुलानाथ मंदिर हैं। यहां सिद्ध बजरंगबली के दर्शन कर सकते हैं। इस मंदिर को जिला न्यायालय भी कहा जाता है। इसके ठीक आगे रामसागर मंदिर, जिसे हाई कोर्ट और लोही में खेम सागर मंदिर मौजूद है, जिसे सुप्रीम कोर्ट कहा जाता है।

 

गोविंदगढ़ किला और तालाब | Govindgarh

शहर से करीब 25 किमी दूर यह क्षेत्र अपने किले और बड़े तालाब के लिए जाना जाता है। यहां का शांत वातावरण नए साल पर घूमने के लिए परफेक्ट माना जाता है।

बसामन मामा धाम | Basaman Mama

यह स्थान धार्मिक आस्था के साथ-साथ प्राकृतिक सुंदरता के लिए भी प्रसिद्ध है। रीवा से दूरी करीब 40–45 किमी। यहां सड़क मार्ग से आसानी से पहुंचा जा सकता है।

देवतालाब शिव मंदिर | Deotalab Temple 

रीवा शहर से महज 60 किमी की दूर देवतालाब में एक और सिद्ध शिव मंदिर स्थापित है, इसे देवतालाब शिव मंदिर के नाम से जाना जाता है। मान्यता है की इस मंदिर को एक रात में और एक ही ईंट से बनाया गया है। महादेव के भक्त यहाँ रोजाना पूजा अर्चना के लिए आते हैं। नए साल की शुरुआत में महादेव की अर्चना इस मंदिर में आकर कर सकते हैं। यहाँ पहुँचने के लिए भी कई विकल्प मौजूद हैं। 

कैसे पहुंचें रीवा? | How to Reach Rewa

रीवा से देश के कई शहर जुड़े हुए हैं। यहां के लिए ट्रेन, बस और एयरपोर्ट के विकल्प उपलब्ध हैं। शहर के अंदर घूमने के लिए ऑटो, कैब और लोकल बस सुविधाएं भी मिल जाती हैं।

क्यों जाएं रीवा? | Why Visit Rewa

कम भीड़, किफायती खर्च, साफ-सुथरे नेचर पॉइंट और शांत पर्यावरण — यही रीवा को खास बनाता है। नया साल शुरू करने के लिए यह जगह एकदम सही है, जहां परिवार, दोस्तों या कपल — सभी के लिए कुछ न कुछ जरूर है।

Join WhatsApp Channel

FAQs | Rewa Tourism

रीवा घूमने का सबसे अच्छा समय कब है?

अक्टूबर से मार्च तक का मौसम ठंडा और सुखद रहता है — घूमने के लिए परफेक्ट।

क्या रीवा फैमिली ट्रिप के लिए सही है?

हां — यहां झरने, मंदिर, किले और शांत जगहें परिवार के लिए बेहतरीन हैं।

रीवा में कितने दिन रुकना चाहिए?

कम से कम 2–3 दिन रखें — ताकि ज्यादातर टूरिस्ट-स्पॉट कवर हो सकें।

क्या यहां होटल और लॉज मिल जाते हैं?

बजट से लेकर प्रीमियम तक हर तरह के होटल और रुकने के विकल्प मिल जाते हैं।

Tags:    

Similar News