खुशखबरी: रीवा के शासकीय पॉलीटेकनिक कॉलेज में सिविल और मैकेनिकल ब्रांच शुरू करने की अनुमति मिली, पूर्व मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने की थी पहल
AICTE ने रीवा के शासकीय पॉलीटेकनिक कॉलेज में सिविल और मैकेनिकल ब्रांच शुरू करने का आदेश जारी कर दिया है।
रीवा के शासकीय पॉलीटेकनिक कॉलेज (Government Polytechnic College) में लंबे इंतजार के बाद सिविल और मैकेनिकल ब्रांच में एडमीशन का रास्ता साफ हो गया है. अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा निदेशालय नई दिल्ली द्वारा सिविल और मैकेनिकल बांच में एडमीशन की अनुमति प्रदान कर दी है. अब शासकीय पॉलीटेकनिक कॉलेज रीवा में आगामी शैक्षणिक सत्र (Polytechnic College Admission 2023-24) से दोनों ही ब्रांच में 60-60 सीटों में विद्यार्थियों को एडमीशन प्रदान किया जाएगा. कॉलेज प्रबंधन ने बताया कि महाविद्यालय में सिविल और मैकेनिकल ब्रांच खोलने में रीवा विधायक राजेन्द्र शुक्ल की अहम भूमिका रही.
2017 से जारी थी कोशिश
सिविल और मैकेनिकल ब्रांच खोलने के लिए 2017 से एआईसीटीई में आवेदन दिया जा रहा था. लेकिन कभी इन्फ्रास्ट्रक्चर की कमी तो कभी अन्य कमियों के कारण सिविल और मैकेनिकल ब्रांच के लिए अनुमति नहीं मिल पा रही थी लेकिन इस चार निर्धारित मापदण्डों को पूरा करने के कारण एआईसीटीई द्वारा सिविल और मैकेनिकल ब्रांच खोलने की अनुमति प्रदान कर दी गई.
240 सीटों का हो गया कॉलेज
बताया गया है कि वर्तमान समय में शासकीय पॉलीटेक्रिक कॉलेज रीवा में कम्प्यूटर हार्डवेयर एण्ड मेंटेनेंस और इलेक्ट्रानिक्स कम्यूनिकेशन कोर्स संचालित है. उक्त दोनों कोर्स में 60-60 सीटों में एडमीशन दिया जाता है. अब सिविल और मैकेनिकल ब्रांच में भी 60-60 सीटों में एडमीशन दिया जाएगा. इस प्रकार अब पॉलीटेकिक कॉलेज में कुल मिला कर 240 सीटों में विद्यार्थियों को एडमीशन दिया जाएगा.
स्वीकृत है व्याख्याता, एचओडी के पद
बताया गया है कि पॉलीटेकनिक महाविद्यालय में शुरू होने वाले सिविल और मैकेनिकल ब्रांच में व्याख्याता और एचओडी के 1-1 पद स्वीकृत है. इसके अलावा अतिथि विद्वानों की नियुक्ति किए जाने की बात भी प्रबंधन द्वारा कही गई है.
ऑनलाइन दस्तावेज का सत्यापन
बताया गया है कि महाविद्यालय प्रबंधन द्वारा 11 और 25 मई को ऑनलाइन दस्तावेज का सत्यापन किया गया था. दस्तावेज सत्यापन के बाद 26 मई को एआईसीटीई द्वारा सिविल और मैकेनिकल ब्रांच में विद्यार्थियों को एडमीशन देने संबंधी मेल महाविद्यालय प्रबंधन को भेजा गया.
नहीं जाना पड़ेगा बाहर
अभी तक पॉलीटेकनिक कॉलेज में सिविल और मैकेनिकल में एडमीन लेने वाले विद्यार्थियों को बाहर जाना पड़ता था. लेकिन अब विद्यार्थियों को बाहर नहीं जाना पड़ेगा, रीवा में ही रह कर वह सिविल और मैकेनिकल ब्रांच की पढ़ाई कर सकेंगे.
"पॉलीटेकिक कॉलेज में सिविल और मैकेनिकल ब्रांच में एडमीशन का रास्ता साफ हो गया है. अब इसमें 60-60 सीटों में विद्यार्थियों को एडमीशन दिया जाएगा." - प्रो. अशोक अवस्थी, प्राचार्य, शासकीय पॉलीटेकिक कॉलेज, रीवा