रीवा: भाजयुमो के पदाधिकारी पर चाकू से हमला, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

रीवा जिले (Rewa District) के भारतीय जनता युवा मोर्चा के गुढ़ मंडल उपाध्यक्ष पर बीती रात चाकू से हमला किया गया।

Update: 2022-06-17 09:26 GMT

Rewa MP News: रीवा जिले के भारतीय जनता युवा मोर्चा (Bharatiya Janata Yuva Morcha) के गुढ़ मंडल उपाध्यक्ष पर बीती रात चाकू से हमला किया गया। घायल युवक शुभम सोनी को उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल लाया गया। चिकित्सालय के सर्जरी आईसीयू वार्ड में भर्ती युवक की हालत गंभीर बताई गई है। मामले की रिपोर्ट थाने में कर दी गई है। पुलिस ने प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शीघ्र ही आरोपी पुलिस की पकड़ में होंगे।बताया गया है कि बीती रात करीब 10 बजे गुढ़ बाईपास के समीप गांव के रत्नेश उपाध्याय के खेत के समीप खड़ा हुआ था। अपने मित्र पंकज के साथ युवक घर की तरफ जाने लगा। बाईपास में ही अचानक दो बाइक में सवार होकर आए बदमाश शुभम से विवाद करने लगे।

देखते ही देखते विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि आरोपियों ने शुभम पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे जख्मी कर दिया। बताते हैं कि आरोपियों ने शुभम पर आधा दर्जन वार किए हैं। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी भाग गए। घायल युवक को उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल लाया गया। चिकित्सालय के आकस्मिक चिकित्सा विभाग पहुंचे युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे आईसीयू सर्जरी वार्ड रेफर कर दिया गया।

कट्टा लिए थे आरोपी

बताया गया है कि पांच की संख्या में रहे आरोपियों के पास दो कट्टा भी मौजूद था। हालांकि आरोपियों ने शुभम पर कट्टा से फायर नहीं किया है। बल्कि शुभम के साथ रहे पंकज को कट्टा दिखाते हुए आरोपियों ने उसे भगा दिया था।

Tags:    

Similar News