एमपी में जनता के सामने कलेक्टर का अपमान: विधायक ने कहा- दो पैसे की अक्ल नहीं है, डीएम बोले- FIR दर्ज कराएंगे

एमपी के दमोह में पथरिया विधायक रामबाई सिंह परिहार ने कलेक्टर को जनता के सामने अपमानित किया है. जिसकी वजह से IAS एसोसिएशन आक्रोश में है. डीएम ने विधायक के खिलाफ FIR दर्ज कराने की बात कही है.

Update: 2022-10-01 06:04 GMT

एमपी के दमोह जिले में पथरिया विधायक रामबाई सिंह परिहार ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में कलेक्टर एस कृष्ण चैतन्य से बातचीत में अपना आपा खो दिया। जनता और अधिकारियों के सामने उन्हें मूर्ख, अंधरा (अंधा) जैसे अपशब्दों से संबोधित किया। ऐसे में चर्चा के बीच में ही कलेक्टर चेंबर में चले गए। इस पर विधायक ने कहा कि अच्छा हुआ चेंबर में घुस गए, वरना हम चैक (पिटाई के बाद मेडिकल चेकअप) करने लायक नहीं रहने देते। कैसे-कैसे भूतों को कलेक्टर बनाकर बिठा दिया है।

यह सब तब हुआ, जब विधायक नरसिंहगढ़ ग्राम पंचायत की डेढ़ दर्जन महिलाओं को साथ लेकर कलेक्ट्रेट पहुंची थीं। कलेक्टर ने उन्हें समस्याओं के समाधान के लिए नियम अनुसार कार्रवाई करने की बात कही। इस पर रामबाई नाराज हो गईं और बोलीं- क्या आपकी आंखें फूट गईं हैं या दो पैसे की अक्ल नहीं है।

एसोसिएशन ने जताया ऐतराज

मध्यप्रदेश आइएएस एसोसिएशन ने ऐतराज जताते हुए कहा कि विधायक का व्यवहार स्वीकार करने योग्य नहीं है।

"विधायक रामबाई ने प्लानिंग के साथ ऐसा किया है। हम उनके खिलाफ FIR करा रहे हैं।" - एस कृष्ण चैतन्य कलेक्टर, दमोह

"नरसिंहगढ़ शिविर में अधिकारी नहीं थे। ग्रामीण परेशान हो रहे थे। कलेक्टर को फोन लगाया तो कहने लगे नियमों के तहत देख लूंगा।" - रामबाई विधायक

Tags:    

Similar News