एमपी के पन्ना में हाईस्कूल की 8 छात्राएं पहुंची अस्पताल, कलेक्टर ने शिक्षक और कर्मचारी को किया निलंबित

पन्ना- जिले के शाहनगर क्षेत्र के शासकीय हाईस्कूल में अध्ययनरत 8 छात्राएं प्रेयर करते हुए चक्कर आने से अचानक से गिर गई।

Update: 2022-12-11 03:30 GMT

पन्ना- जिले के शाहनगर क्षेत्र के शासकीय हाईस्कूल में अध्ययनरत 8 छात्राएं प्रेयर करते हुए चक्कर आने से अचानक से गिर गई। एक साथ आठ छात्राओं के इस तरह से चक्कर आने से प्रबंधन में हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई। स्कूल प्रबंधन द्वारा छात्राओं को उपचार के लिए शाहनगर अस्पताल ले जाया गया। यहां भर्ती रही 8 छात्राओं में से 2 की बिगड़ती हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें कटनी जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। प्रशासन को घटना का पता चलते ही कलेक्टर पन्ना संजय कुमार मिश्रा कटनी जिला चिकित्सालय पहुंचे। अस्पताल में भर्ती छात्राओं से बात करने के बाद कलेक्टर ने विद्यालय मेंं कार्यरत एक शिक्षक जीएस गौतम और सफाईकर्मी को निलंबित कर दिया।

दहशत में रहती थी छात्राएं

अस्पताल में भर्ती छात्राओं ने कलेक्टर को बताया कि विद्यालय में कार्यरत शिक्षक जीएस गौतम द्वारा उन्हें प्रताणित किया जाता है। बेवजह परेशान किया जाता है। मारपीट की जाती है। जिससे विद्यालय की छात्राएं दहशत में रहती हैं। विद्यालय के सफाईकर्मियों का व्यवहार भी छात्राओं के प्रति अच्छा नही है। सफाईकर्मी पर भी छात्राओं द्वारा कई आरोप लगाए गए है। छात्राओं द्वारा शिक्षक और सफाईकर्मी के प्रति लगाए आरोप के आधार पर कलेक्टर द्वारा छात्राओं को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया गया है।

क्यों आया चक्कर

चिकित्सकों की माने तो जांच में पता चला है कि दहशत के कारण छात्राएं मानसिक रूप से काफी तनाव मेंं थी। इसी मानसिक तनाव मेंं होने के कारण छात्राओं को अचानक से चक्कर आया वह प्रेयर करते हुए गिर गई। कई बार ऐसा होता है कि कुछ नकरात्मक चीजों के बारे में अधिक सोचने के कारण दिमाग उस मानसिक दबाव को सहन नही कर पाता। परिणामस्वरूप सिरदर्द और चक्कर आने जैसी समस्याएं देखने को मिलती है।

स्थिति मेंं सुधार

कटनी जिला अस्पताल प्रबंधन ने छात्राओं की स्थिति के बारे में बताया कि अब भर्ती छात्राओं की हालत में सुधार है। शीघ्र ही छात्राओं को डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।

Tags:    

Similar News