
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- रीवा
- /
- एमपी में अंधविश्वासः...
एमपी में अंधविश्वासः मन्नत पूरी होने पर युवक का गला काट कर चढ़ा दी बलि, अंधी हत्या का खुलासा

MP Rewa News: मध्यप्रदेश के रीवा जिले में बैकुण्ठपुर थाना के बेढ़ौआ गांव स्थित देवी मंदिर में मिली युवक के लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। युवक की हत्या अंधविश्वास के चक्कर में की गई थी। आरोपी ने मन्नत पूरी पर युवक की हत्या कर उसकी बलि देवी को चढ़ा दी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि 6 जुलाई को बेढ़ौआ गांव स्थित देवी मंदिर में एक युवक की लाश ग्रामीणों द्वारा देखी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पश्चात युवक के शव को अस्पताल भेजा। युवक की लाश मिलने के दूसरे दिन युवक की शिनाख्त क्योटी निवासी दिव्यांश कोल के रूप में की गई। युवक की हत्या गर्दन में कुल्हाड़ी से वार कर की गई थी। मंदिर परिसर में लाश मिलने से माना जा रहा था कि युवक की हत्या बलि के लिए ही की गई थी। लेकिन पुलिस को आरोपी के संबंध में किसी प्रकार की जानकारी नहीं मिल पा रही थी।
कैसे पकड़ में आया आरोपी
पुलिस ने बताया कि सूत्रों से पता चला कि अंतिम बार युवक दिव्यांश कोल को आरोपी रामलाल प्रजापति के साथ देखा गया था। पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया। पहले तो आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ शुरू की तो आरोपी ने युवक की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
बेटे की चाह, नरबलि की मन्नत
पुलिस ने बताया कि बेटे की चाह पूरी होने पर आरोपी ने नरबलि देने की मन्नत मांगी थी। इसी को पूरा करने के लिए आरोपी द्वारा युवक की हत्या कर दी गई। आरोपी की तीन बेटियां है। आरोपी के बेटे की चाहत थी। इसे इत्तफाक कहें या कुछ और मन्नत मांगने के कुछ दिनों बाद ही आरोपी की गर्भवती पत्नी ने एक पुत्र को जन्म दिया। आरोपी के पुत्र की चाह तो पूरी हो गई, लेकिन अब वह मन्नत पूरी करने के लिए नरबलि की तलाश करने लगा। इसी कड़ी में एक दिन आरोपी को बकरी चराते हुए दिव्यांश कोल मिल गया। आरोपी द्वारा दिव्यांश को अपने झांसे में लेकर मंदिर पहुंच गया। मौका पाकर आरोपी ने युवक की बलि चढ़ा दी।
तंत्र-मंत्र करता है आरोपी
बताया गया है कि आरोपी तंत्र-मंत्र भी करता है। फिलहाल अंधविश्वास के चक्कर में एक युवक को जहां अपनी जान से हाथ धोना पड़ा वहीं आरोपी अब जेल की चार दीवारी के बीच बंद है।
वर्जन
मंदिर परिसर में हुई युवक के हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है। बेटे की चाहत पूरी होने पर मन्नत के नाम पर आरोपी ने युवक की हत्या की थी। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। -राजकुमार मिश्रा, थाना प्रभारी बैकुण्ठपुर
बैकुंठपुर में नरबलि का पूरा मामला जानने के लिए यहाँ क्लिक करें




