विंध्य में बर्फीली हवाओं का कहर, दो दिन और बढ़ेगी ठिठुरन, जनजीवन प्रभावित

Get Latest Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, Today News in Hindi, Breaking News, Hindi News - Rewa Riyasat

Update: 2021-02-16 06:11 GMT

रीवा. बिन मौसम बारिश और ओलावृष्टि के बाद कड़ाके की ठंड वापस आ गई है। दिन और रात के तापमान में जोरदार गिरावट से पूरा विंध्य शीतलहर की चपेट में है। शनिवार की सुबह घने कोहरे के साथ हुई। दिन चढऩे के साथ ही मौसम खुला तो धूप निकली लेकिन बर्फीली हवाओं के कारण धूप बेअसर रही। मौसम खुलने एवं धूप के बावजूद जिले की जनता दिनभर पहाड़ों की जमा देने वाली ठंड से कंपकंपाती रही। कोहरा और शीतलहर की मार से एक बार फिर जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। शरीर में चुभ रही ठंड से बचने दिनभर लोग हीटर और अलाव के सामने बैठे रहे।

कोल्ड डे रहा शनिवार हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में लगातार हो रहे हिमपात का असर प्रदेश के मौसम में भी दिखाई दे रहा है। रीवा सहित प्रदेश के १० जिले भीषण शीतलहर की चपेट में हैं। गुरुवार-शुक्रवार के बाद शनिवार को लगातार दूसरा दिन कोल्ड डे रहा। सुबह कोहरे ने कहर बरपाया तो दोपहर में गलन लोगों पर सितम ढाती रही। दिन में चली तीव्र शीतलहर के कारण अधिकतम तापमान १७.६ डिग्री सेल्सियस पर जम गया। जबकि इन दिनों सामान्य तापमान २३ डिग्री रहता है। वहीं न्यूनतम तापमान भी २ डिग्री कम है। इस समय न्यूनतम तापमान ८ डिग्री तक रहता है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिन तक शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा। इसलिए फिलहाल लोगों को हाड़ कंपाती ठंड से राहत की उम्मीद नहीं है।

घने कोहरे से जनजीवन प्रभावित सुबह घने कोहरे के कारण दृश्यता 10 मीटर पर सिमट गई। दूर का दिखाई न देने के कारण सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा।

अभिभावकों को सता रही स्वास्थ्य की चिंता एक बार फिर कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ऐसे में अभिभावकों को सुबह स्कूल जा रहे बच्चों के स्वास्थ्य की चिंता सता रही है। प्रशासन के प्रतिबंध के बावजूद सुबह ८.३० बजे स्कूल संचालित की जा रही हैं। जबकि कलेक्टर ने 10.30 बजे से विद्यालयों को संचालित करने का आदेश दिया था।

Similar News