रीवा: हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला मेडिकल छात्र का शव
Get Latest Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, Today News in Hindi, Breaking News, Hindi News - Rewa Riyasat
रीवा। मेडिकल कॉलेज के पीजी सेकंड ईयर के छात्र राहुल सोलंकी 27 वर्ष निवासी कुचकी आशाराम बापू चौक धार ने शुक्रवार रात 9 बजे के आसपास खुदकुशी कर ली। ब्वायज हॉस्टर के कमरा नंबर 25 में उसका शव फंदे से लटका पाया गया है। जानकारी मिलते ही मेडिकल कॉलेज प्रशासन और एसजीएमएच प्रशासन सहित सिविल लाइंस पुलिस व एफएसएल टीम मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। मूलतः धार जिले का राहुल छुट्टी से दो दिन पहले ही लौटा था। वह ड्यूटी पर भी नहीं जा रहा था और हॉस्टल के कमरे में गुमसुम रहता था।
सर्जरी विभाग में थी ड्यूटी
छात्र राहुल सोलंकी की ड्यूटी सर्जरी विभाग में थी जहां मरीजों की देखभाल करता था। बताया जा रहा है कि वह दो दिनों से ड्यूटी करने अस्पताल नहीं जा रहा था। अपने साथियों को यह कहकर व्यवस्था संभालने की बात करता था कि उसका स्वास्थ्य ठीक नहीं है। यहां मेडिकल प्रशासन की एक बड़ी लापरवाही भी मानी जा सकती है कि दो दिनों से ड्यूटी करने डॉक्टर नहीं आ रहा था और उसकी कोई खोज-खबर प्रशासन ने नहीं ली।
ऐसे सामने आया मामला
बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम उसने ड्यूटी पर आने की बात साथियों से कही थी। वह जब रात 9 बजे तक ड्यूटी पर नहीं पहुंचा तो उसके साथियों ने पहले तो उसके मोबाइल पर फोन लगाया। जब मोबाइल पर कोई संपर्क नहीं हुआ तो जानकारी लेने हॉस्टल पहुंच गए। दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण खिड़की से झांककर देखा तो वह फंदे पर लटक रहा था। जिसके बाद छात्रों ने इसकी सूचना अस्पताल प्रशासन को दी।
मोबाइल और डायरी बरामद
घटना के बाद मौके पर पहुंची सिविल लाइंस थाना पुलिस और अस्पताल प्रशासन ने कमरे में जांच पड़ताल की जहां से छात्र की डायरी और मोबाइल हाथ लगा है। उसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। मोबाइल के कॉल डिटेल आदि की जांच की जा रही है कि आखिरी समय तक छात्र ने किससे बात की। डायरी आदि की भी जांच की जा रही है। बताया गया है कि वह 6 साल से हॉस्टल में रहकर पढ़ रहा था।
पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं
मेडिकल कॉलेज के छात्रावासों में आत्महत्या का यह पहला मामला नहीं है। इसके पहले एक छात्रा व दो छात्रों द्वारा आत्महत्या की गई थी। जबकि दो छात्राओं ने आत्महत्या का प्रयास भी किया था। हालांकि इन घटनाओं का कारण अभी भी रहस्य है।
कॉलेज में दी गई श्रद्घांजलि
राहुल सोलंकी की मौत की खबर मिलने के बाद उसके भाई डॉक्टर कमल सोलंकी शनिवार को शहर पहुंचे और पीएम के बाद दोपहर लगभग ढाई बजे अपने मृत भाई का शव लेकर गृह ग्राम चले गए। इस दौरान वे मौत को लेकर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं थे। मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. पीसी द्विवेदी, अस्पताल अधीक्षक डॉ. एपीएस गहरवार, उप अधीक्षक डॉ. एसके पाठक, सीएमओ डॉ.यत्नेश त्रिपाठी सहित अन्य डॉक्टर व मेडिकल छात्रों ने श्रद्घांजलि दी।के छात्र ने फांसी लगाकर खुदकुशी की है। मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। -अरुण सोनी, थाना प्रभारी, सिविल लाइंस।