रीवा में Coronavirus के संदिग्ध मरीज की जांच रिपोर्ट आई

Get Latest Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, Today News in Hindi, Breaking News, Hindi News - Rewa Riyasat

Update: 2021-02-16 06:14 GMT

रीवा। दुनिया भर में खौफ फैलाने वाले कोरोना वायरस ने रीवा में भी दस्तक दे दी है। यहां भी एक संदिग्ध मरीज सामने आया है। जिसे जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों की सतत निगरानी में रखा गया है। उधर एहतियातन जिला चिकित्सालय से लेकर संजय गांधी अस्पताल में चिकित्सक व पैरामेडिकल स्टाफ मास्क लगा कर इलाज कर रहे हैं। संदिग्ध का सैंपल लेकर पुणे लैब भेजा गया था जिसकी रिपोर्ट आ गई है।  

बताते चलें Coronavirus का संदिग्ध मरीज मिलने की खबर सामने आते ही रीवा में दहशत का माहौल कायम हो गया है। 10  मार्च को हिन्दुओं का बड़ा पर्व होली है, जिसमें लोग एक दुसरे से मिलते है, रंग गुलाल लगाते है, मिठाइयां बांटते हैं। इस बार ये त्यौहार फीका पड़ने की आशंका है। कोरोना को लेकर लगातार जागरुकता भी फैलाई जा रही है। चिकित्सकों का कहना है कि जागरुकता ही कोरोना का इलाज है, इसलिए सावधानी बरतना बहुत आवश्यक है।

पिछले एक माह से कोरोना दुनिया भर में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग इस वायरस से खौफजदा हैं। दुनिया के कई देशों समेत भारत में भी इसके आधा सैकड़ा से अधिक संदिग्ध एवं पॉजिटिव मरीज सामने आ चुके हैं। जिसके चलते नेशनल हेल्थ आर्गनाइजेशन ने पूरे देश में अलर्ट जारी कर रखा है। इस बीच रीवा में एक संदिग्ध मरीज सामने आने से दहशत और भी बढ़ गई है। बताया गया है कि रीवा का रहने वाला एक युवक दुबई से यात्रा करके रीवा पहुंचा था।

दिल्ली हेल्थ मिनीस्ट्री से इसकी जानकारी स्थानीय स्वास्थ्य अमले को दी गई। लिहाजा स्वास्थ्य विभाग ने उक्त युवक से संपर्क किया। इसके बाद उसे जांच के लिए जिला अस्पताल बुलाया गया। यहां पर जांच के दौरान युवक में सर्दी-जुकाम की शिकायत पाई गई। जिसके चलते चिकित्सकों ने युवक को कोरोना संदिग्ध माना। लिहाजा उसे आर्ब्जवेशन में जिला चिकित्सालय में भर्ती कर लिया गया। युवक का सेंपल निकाल कर जांच के लिए पुणे बॉयरोलॉजी लैब भेजा गया था जिसकी रिपोर्ट आ गई है एवं निगेटिव है। फिलहाल कोरोना के लिए बनाए गए आइसोलेशन वार्ड में युवक को रखा गया है।

तीन दिन में आई जांच रिपोर्ट बताया जा रहा है कि संदिग्ध मरीज का सेंपल जांच के लिए मंगलवार को पुणे स्थित बॉयरोलॉजी लैब भेज दिया था। इसके बाद सेंपल की वैज्ञानिकों ने जांच की जिसकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। निगेटिव रिपोर्ट आने से चिकित्स्कों ने चैन की सांस ली। 

दुबई यात्रा से एक व्यक्ति रीवा पहुंचा था। इसकी जानकारी दिल्ली से मिली थी। उसे ट्रेस कर जिला चिकित्सालय में रखा गया है। उसकी जांच सेंपल पुणे गया था जिसकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। -डॉ. अक्षय श्रीवास्तव, नोडल अधिकारी, संक्रामक बिमारी, रीवा

मास्क लगाकर उपचार कर रहे चिकित्सक जिला चिकित्सालय से लेकर संजय गांधी एवं गांधी मेमोरियल अस्पताल में चिकित्सक पूरी सावधानी बरत रहे हैं। वे खुद व पैरामेडिकल स्टाफ समेत अन्य कर्मचारियों को मास्क लगाने की सलाह दे रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि जागरुकता ही कोरोना से बचाव है। सावधानी बरत कर इस वायरस से दूर रहा जा सकता है।

कोरोना के बचाव

  • हाथों को बार-बाहर साबुन और पानी से धोए या सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें।
  • खांसते, छींकते वक्त डिस्पोजेबल टिशू का इस्तेमाल करें।
  • इस्तेमाल किए गए टिशूज को फेंक दें और फिर हाथ धोएं।
  • टिशू नहीं है तो छींकते और खांसते वक्त अपने बाजू का इस्तेमाल करें।
  • बिना हाथ धोए अपनी आंखो, नाक और मुंह को न छुएं।
  • बीमार लोगों को संपर्क में न आने की कोशिश करें।

Similar News