रीवा: पत्नी से परेशान अधिवक्ता ने खुद को मार ली गोली, हुई मौत

Get Latest Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, Today News in Hindi, Breaking News, Hindi News - Rewa Riyasat

Update: 2021-02-16 06:08 GMT

रीवा। पत्नी से परेशान एक अधिवक्ता ने सिर पर गोली मार ली। अधिवक्ता की मौके पर ही मौत हो गई है। घटना जवा की बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पूर्व प्राचार्य शिवबालक पाण्डेय के पुत्र एवं जल उपभोता संथा गाढ़ा 138 के अध्यक्ष दीपक पाण्डेय कई दिनों से परेशान थे। सूत्रों की मानें तो वह पारिवारिक कलह के कारण मानसिक तनाव में चल रहे थे। कुछ दिनों पहले ही उनकी पत्नी बच्चे के साथ घर छोडक़र इलाहाबाद चली गई थी। पत्नी और बच्चे का वियोग ही अधिवक्ता की आत्महत्या का कारण माना जा रहा है।

रविवार सुबह करीब 4 बजे अधिवक्ता दीपक पाण्डेय ने देसी कट्टे से सिर पर गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर घर के लोग जब कमरे के अंदर पहुंचे तो दीपक लहूलुहान बिस्तर पर पड़े हुए थे। उनकी मौत हो चुकी थी। हालांकि परिजन तत्काल उन्हें लेकर अस्पताल भागे, जहां चिकित्स्कों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद घटना की सूचना परिजनों ने पुलिस को दी। जवा पुलिस मौके पर पहुंचकर परिजनों से पूछताछ की, पंचनामा बनाया और शव को पीएम के लिए भेज दिया। फिलहाल मौत की असल वजह का पता नहीं चल पा रहा है।

जवा थाना प्रभारी एनएल धुर्वे ने बताया कि आत्महत्या का कारण पारिवारिक विवाद है। कुछ दिन पहले पत्नी बच्चे को लेकर इलाहाबाद चली गई थी। फिलहाल मामले की जांच चल रही है। कुछ भी स्पष्ट नहीं है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

अवैध था हथियार : दीपक ने जिस देसी कट्टे से खुद को गोली मारी, उसका लाइसेंस किसी के पास नहंीं है। पुलिस की जांच में कट्टा अवैध पाया गया है। कट्टा 315 बोर का है। इस घटना से रीवा में अवैध हथियारों की तस्करी का भी अंदाजा लगाया जा सकता है।

Similar News