बड़ी खबर : सैनिक स्कूल में परीक्षा पास कराने के लिए चल रही दलाली...: REWA NEWS
Get Latest Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, Today News in Hindi, Breaking News, Hindi News - Rewa Riyasat
सतना/ रुपए लेकर सैनिक स्कूल की परीक्षा पास कराने का दावा करने वाले दलाल अलग-अलग नंबर से फोन कर रहे हैं पर राशि जमा कराने के लिए सबको एक ही खाता नंबर उपलब्ध कराया जा रहा। अकेले सतना जिले में अब तक आधा दर्जन के करीब ऐसे मामले सामने आ चुके हैं लेकिन न तो पुलिस की ओर से उनके खिलाफ कोई कदम उठाया जा रहा न स्कूल प्रबंधन ऐसे मामलों पर गंभीरता दिखा रहा। जबकि, इस तरह के कॉल से विद्यालय की प्रतिष्ठा धूमिल हो रही है।
ये है मामला सैनिक स्कूल का संचालन रक्षा मंत्रालय के अधीन सैनिक स्कूल सोसायटी द्वारा किया जाता है। रीवा में प्रदेश का इकलौता सैनिक स्कूल है। वहां एडमिशन के लिए न सिर्फ मप्र बल्कि पड़ोसी राज्य यूपी, बिहार सहित अन्य प्रांतों के विद्यार्थी भी इंट्रेंस देते हैं। विद्यालय की 85 सीटों के लिए गत 5 जनवरी को हुई प्रवेश परीक्षा में साढ़े छह हजार के करीब विद्यार्थी शामिल हुए थे। उन्हें पास कराने के लिए कुछ दलाल सक्रिय हो गए हैं। वे परीक्षार्थियों द्वारा दर्ज किए गए नंबर पर कॉल कर उन्हें पास कराने का झांसा देते हैं। इसके बदले में मोटी रकम की मांग भी करते हैं लेकिन जिम्मेदार अधिकारी चुप्पी साधेहैं।
बड़ा सवाल...कैसे लीक हुआ डाटा प्रवेश परीक्षा के बाद सक्रिय हुए दलाल सिर्फ उन्हीं नंबरों पर कॉल कर रहे हैं, जो नंबर परीक्षार्थियों ने आवेदन में दर्ज किए थे। ऐसे में बड़ा सवाल उठता है कि ये नंबर दलालों तक पहुंचे कैसे। परीक्षार्थियों के परिजनों ने सैनिक स्कूल सोसायटी से जुड़े लोगों पर ही डाटा लीक करने की आशंका जताई है। इस संबंध में रीवा स्थित सैनिक स्कूल के प्रबंधन से जब चर्चा की गई तो बताया गया कि डाटा कहीं से भी लीक हो सकता है। हो सकता है कि जालसाज कोचिंग सेंटर्स के संपर्क में हों। वेबसाइट व पोर्टल से भी तो वे नंबर ले सकते हैं।
शिकायतों पर गंभीर नहीं प्राचार्य दलालों पर सैनिक स्कूल प्रशासन अपने स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा। परीक्षार्थियों की शिकायतों को भी गंभीरता से नहीं ले रहा। दलाल का फोन आने के बाद सतना के एक भाजपा नेता ने सैनिक स्कूल रीवा के प्राचार्य को कॉल कर घटनाक्रम की जानकारी दी थी पर उन्होंने गंभीरता से नहीं लिया। बस इतना कहकर फोन काट दिया कि हमने एडवाइजरी जारी कर दी है।