48 घंटे में रीवा में 3 जगह रेप : REWA NEWS
Get Latest Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, Today News in Hindi, Breaking News, Hindi News - Rewa Riyasat
रीवा। बीते 48 घंटों के अंतराल में जिले के अलग- अलग थाना क्षेत्रों में दुष्कर्म की घटनाएं सामने आई हैं। घटित तीन अलग-अलग घटनाओं में जहां दो में दुष्कर्म के आरोपितों की उम्र 13 से 14 वर्ष की है वहीं एक नाबालिग के साथ 50 वर्ष के अधेड़ ने दुष्कर्म करने का असफल प्रयास किया। जिस तरह से जिले में दुष्कर्म की घटनाएं लगातार हो रही हैं उसे रोकना पुलिस और समाज के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है।
6 वर्ष की बालिका से 14 वर्ष के बालक ने किया दुष्कर्म
शहर के सिविल लाइन थाना अंतर्गत रहने वाली एक 6 वर्षीय बालिका के साथ 14 वर्ष के बालक ने दुष्कर्म किया। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने बालक के खिलाफ अपराध पंजीबद्घ कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि यह घटना रविवार के शाम की है जहां 14 वर्षीय बालक पड़ोस में रहने वाली एक 6 वर्षीय बालिका को अपने कमरे में ले गया और दुष्कर्म किया। पीड़ित बालिका ने अपने साथ हुई घटना की अपने परिवार को बताई तब परिवार के लोगों ने थाने पहुंचकर इसकी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है और घटना के संबंध में कार्रवाई कर रही है।
9 वर्षीय बालिका के साथ 50 वर्ष के अधेड़ ने दुष्कर्म का किया प्रयास
दूसरी घटना जिले के मनगवां थाना अंतर्गत है। जहां 9 वर्षीय बालिका के साथ 50 वर्षीय अधेड़ ने दुष्कर्म करने का प्रयास किया। हालांकि बालिका के शोर मचाने पर लोग मौके पर पहुंच गए और वह अपने मंसूबे पर कामयाब नहीं हो पाया। दुष्कर्म के आरोपित राम शिरोमणि कोल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि 9 वर्षीय बालिका बकरी चराने के लिए खेत पर जा रही थी जहां रास्ते में राम शिरोमणि ने उसे रोककर अरहर के खेत में ले जा रहा था। इसी बीच बालिका आरोपित की मंशा को समझ गई वह शोर मचाते हुए चिल्लाने लगी। जिस पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए वहीं पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार किया है।
नाबालिक के साथ 4 बालकों ने किया दुष्कर्म
इसी तरह की एक घटना जिले के सिरमौर थाना क्षेत्र में भी सामने आई है जहां नाबालिग लड़की को खेत में ले जाकर 4 नाबालिगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। बताया जा रहा है कि जिन चार लड़कों ने नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया उनकी उम्र 13 और 14 वर्ष के लगभग है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस चारों नाबालिगों के खिलाफ अपराध पंजीबद्घ कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस पूरी तरह से कार्रवाई को लेकर एहतियात बरत रही है। पकड़े गए ऐसे कम उम्र के सभी आरोपितों को बाल न्यायालय में पुलिस पेश करेगी।
वर्जन
नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म के घटनाओं की शिकायत प्राप्त हुई है। सभी मामलों में अपराध पंजीबद्घ किया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी भी की जा रही है। नाबालिक उम्र के आरोपित होने के कारण उन्हें बाल न्यायालय में पेश किए जाएगा।
आबिद खान, एसपी रीवा।