देश में सबसे कम एमपी की 38.5 प्रतिशत महिलाएं ही चलाती हैं स्मार्ट फोन

पूरे देश में सबसे कम स्मार्ट फोन का इस्तेमाल एमपी की महिलाओं द्वारा किया जाता है। इस मामले में एमपी की स्थिति देश में सबसे खराब है।

Update: 2023-03-05 02:36 GMT

पूरे देश में सबसे कम स्मार्ट फोन का इस्तेमाल एमपी की महिलाओं द्वारा किया जाता है। इस मामले में एमपी की स्थिति देश में सबसे खराब है। केन्द्र सरकार द्वारा राज्यसभा में दी गई जानकारी के अनुसार भारत में 53.9 प्रतिशत महिलाएं 15 से 49 वर्ष की आयु के बीच निजी फोन का इस्तेमाल करती हैं। मध्यप्रदेश में यह आंकड़ा केवल 38.5 प्रतिशत पर सिमट जाता है। जिसमें से इंटरनेट का इस्तेमाल करने वाली महिलाओं की तादात भी काफी कम है।

23 प्रतिशत महिलाएं ही करती हैं इंटरनेट का उपयोग

राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण के अनुसार मध्यप्रदेश में इंटरनेट इस्तेमाल करने वाली महिलाओं की संख्या काफी कम है। एमपी में यह आंकड़ा तकरीबन 23 प्रतिशत पर सिमटकर रह जाता है। जबकि देश भर में इंटरनेट तक पहुंच कुल 33.3 प्रतिशत महिलाओं की है। महामारी के बाद पूरी तरह बदल चुके सूचना क्रांति के इस दौर में लिंगभेद से जुड़े यह आंकड़े महिलाओं के लिए तिहरे नुकसान की चेतावनी देते हैं। इनके द्वारा पहले से ही ग्रामीण, शहरी और आय आधारित डिजिटल विभाजन को झेला जा रहा है।

महिलाओं के स्मार्ट फोन इस्तेमाल न करने की वजह

नेशनल स्टैटिक्स कार्यालय द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक मध्यप्रदेश महिलाओं की साक्षरता के लिहाज से देश का सातवां पिछड़ा राज्य है। एक शोध में यह भी सामने आया है कि एक बड़ी आबादी महिलाओं द्वारा निजी फोन के उपयोग करने को आजाद यौन प्रवृत्ति को बढ़ावा देने से जोड़कर देखा जाता है। महिलाओं के स्मार्ट फोन इस्तेमाल न करने की वजहों में कम साक्षरता दर, आर्थिक स्थिति और पितृ सत्तात्मक सोच भी जिम्मेदार है। जिन प्रदेशों में महिलाओं को अपने फोन इस्तेमाल करने की छूट नहीं है वह अपनी आधी आबादी की साक्षरता के लिहाज से भी पिछड़े हुए हैं।

गोवा में महिलाएं सर्वाधिक करती हैं स्मार्ट फोन का उपयोग

सर्वेक्षण में यह सामने आया है कि देश में गोवा में सर्वाधिक स्मार्ट फोन का उपयोग महिलाओं द्वारा किया जाता है। यहां यह महिलाओं के निजी फोन के उपयोग का प्रतिशत 91.2 है। जबकि देश में सबसे कम निजी फोन का उपयोग एमपी की महिलाओं द्वारा किया जाता है। यहां यह प्रतिशत 38.5 है। इसके साथ ही सिक्किम में 88.6, केरल में 86.6, लक्षद्वीप में 84, पुदुचेरी में 82.8, छत्तीसगढ़ में 40.7, उत्तरप्रदेश में 46.5, गुजरात में 48.8 और आंध्रप्रदेश में 48.9 प्रतिशत महिलाओं द्वारा स्मार्ट फोन का इस्तेमाल किया जाता है।

Tags:    

Similar News