एमपी की मुरैना पुलिस ने पकड़े तीन आरोपी, पांच-पांच हजार रुपए का था इनाम

मुरैना की देवगढ़ थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। इन पर पांच-पांच हजार रुपए का इनाम रखा गया था।

Update: 2022-12-29 07:53 GMT

मुरैना की देवगढ़ थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। इन पर पांच-पांच हजार रुपए का इनाम रखा गया था। पकड़े गए यह आरोपी अलग-अलग पक्ष के हैं। जिनके द्वारा एक-दूसरे पर गोलीबारी की गई थी। जिसमें दोनों पक्षों के लोग इस घटना के बाद गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

जमीन विवाद पर चलाई थीं ताबड़तोड़ गोलियां

पुलिस द्वारा पकड़े गए तीनों आरोपियों के नाम लाखन पुत्र मेहताब सिंह सिकरवार, विशंभर पुत्र देशराज सिंह सिकरवार तथा मलखान पुत्र रामविलास सिंह सिकरवार बताए गए हैं। देवगढ़ थाना अंतर्गत आने वाले खांडोली क्षेत्र के तुस्सीपुरा में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों द्वारा ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई गई थीं। पकड़े गए तीनों आरोपी अलग-अलग पक्ष से बताए गए हैं। घटना के दौरान दोनों पक्षों की ओर से दो लाग घायल हुए थे। एक के पैर में गोली लगी थी जो अभी तक ठीक नहीं हो सका है। जिसके बाद दोनों पक्षों के खिलाफ देवगढ़ थाना में अपराध क्रमांक 138/22 दर्ज कर इनके खिलाफ धारा 307, 336, 294, 506 व 34 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था। घटना के बाद से तीनों आरोपी फरार चल रहे थे।

रिश्तेदारों के यहां सोते हुए मिले

प्रकरण पंजीबद्ध होने के बाद देवगढ़ थाना पुलिस द्वारा इनको पकड़ने के तमाम प्रयास असफल रहे। जिसके बाद तीनों आरोपियों पर पांच-पांच हजार रुपए का इनाम घोषित कर दिया गया था। इस दौरान थाना प्रभारी अरुण कुशवाह को मुखबिर ने इनके संबंध में सूचना दी। बताया गया है कि तीनों आरोपी लाखन, विशंभर और देशराज अपने-अपने रिश्तेदारों के यहां छिपकर फरारी काट रहे थे। मुखबिर द्वारा दी गई सूचना के बाद रात में ही तीन अलग-अलग पुलिस पार्टियां बनाकर ठिकानों पर दबिश दी गई। इस दौरान तीनों आरोपी अपने रिश्तेदारों के साथ सोते हुए मिले। जिसके बाद इन्हें रात में पुलिस द्वारा दबोचकर थाने ले जाया गया। इस संबंध में देवगढ़ थाना प्रभारी अरुण कुशवाह की मानें तो तीनों आरोपी घटना के बाद से फरार हो गए थे। मुखबिर से मिली सूचना के बाद दबिश देकर पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

Tags:    

Similar News