उमरिया

एमपी के उमरिया में क्षत-विक्षत मिला तेंदुए का शव, जांच में जुटा बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन

Sanjay Patel
1 Sep 2023 7:48 AM GMT
एमपी के उमरिया में क्षत-विक्षत मिला तेंदुए का शव, जांच में जुटा बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन
x
MP News: मध्यप्रदेश के उमरिया में तेंदुए के शावक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव संदिग्ध हालत में पाया गया है। शावक का शव क्षत-विक्षत मिला है।

मध्यप्रदेश के उमरिया में तेंदुए के शावक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव संदिग्ध हालत में पाया गया है। शावक का शव क्षत-विक्षत मिला है। जिसकी जानकारी मिलते ही बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। डॉक्टरों की टीम ने तेंदुआ के शव का पोस्टमार्टम किया और अधिकारियों की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार किया गया।

6 महीने का था शावक

6 महीने के तेंदुए का शव मिलने के बाद बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन के अधिकारियों द्वारा जांच प्रारंभ कर दी गई है। मौके पर डॉग स्क्वायड से सर्चिंग कराई गई। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मगधी परिक्षेत्र के मरदरी बीट के कक्ष क्रमांक 294 में कर्मचारियों ने तेंदुआ की लड़ाई की आवाज जंगल में सुनी। तेंदुआ के लड़ाई की आवाज सुनने के बाद कर्मचारियों ने लगातार क्षेत्र में गश्त की। इसके साथ ही जंगल में टीम बनाकर तेंदुआ की तलाश में जुट गए। बताया गया है कि गुरुवार को तेंदुए के शावक का शव मिला है।

आपसी संघर्ष में हुई मौत

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन के सूत्रों के अनुसार तेंदुआ की मौत आपसी संघर्ष को माना जा रहा है। दूसरे तेंदुए ने शाव को मार दिया। टाइगर रिजर्व के मगधी परिक्षेत्र के मरदरी बीट के कक्ष क्रमांक 294 में तेंदुआ का शव मिलने के बाद जंगल के लगभग 1 किलोमीटर क्षेत्र में डॉग स्क्वायड से सर्चिंग कराई गई। इसके साथ ही अवैध गतिविधियों की जांच की गई।

अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ अंतिम संस्कार

तेंदुए का शव मिलने के बाद डॉक्टरों की टीम ने उसका पोस्टमार्टम किया। शव का अंतिम संस्कार अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ। तेंदुए का शव क्षत-विक्षत हालत में पाया गया है। उसके पेट का कुछ हिस्सा और शरीर के कुछ हिस्से को किसी दूसरे वन्य प्राणी ने खा लिया था। इसके साथ ही तेंदुए के शरीर में नाखून और दांत के निशान भी पाए गए थे। ऐसे में यह अनुमान लगाया जा रहा है कि दूसरे तेंदुए से संघर्ष में 6 माह के शाव की मौत हो गई। मामले को लेकर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के अधिकारियों द्वारा जांच की जा रही है।

Next Story