उमरिया

एमपी के उमरिया में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने ग्रामीणों को ला रही बस पलटी, तीन की मौत, दो दर्जन हुए घायल

Sanjay Patel
24 May 2023 9:32 AM GMT
एमपी के उमरिया में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने ग्रामीणों को ला रही बस पलटी, तीन की मौत, दो दर्जन हुए घायल
x
MP News: मध्यप्रदेश के उमरिया में नेशनल हाइवे ओवर ब्रिज के ऊपर बुधवार को हादसा हो गया। बस के सामने अचानक बाइक आ जाने से अनियंत्रित होकर पलट गई।

मध्यप्रदेश के उमरिया में नेशनल हाइवे ओवर ब्रिज के ऊपर बुधवार को हादसा हो गया। बस के सामने अचानक बाइक आ जाने से अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल से लगभग 5 किलोमीटर पहले घटित हुआ। जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों में पांच लोगों की हालत गंभीर बताई गई है। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल उमरिया में भर्ती कराया गया है।

घायलों से मिले मुख्यमंत्री

नेशनल हाइवे ओवर ब्रिज में हादसे की जानकारी होने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राज्यपाल मंगुभाई पटेल कार्यक्रम से पूर्व घायलों से मिलने पहुंचे। अस्पताल में घायलों का उन्होंने कुशलक्षेम जाना। इस दौरान उनके द्वारा घायलों से बातचीत भी की गई। मुख्यमंत्री और राज्यपाल के जिला अस्पताल पहुंचने पर अस्पताल प्रबंधन हाई अलर्ट मोड पर आ गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।

पांच लोगों की हालत गंभीर

उमरिया में बस पलटने से जहां तीन लोगों की मौत हो गई तो वहीं दो दर्जन से अधिक लोग घायल बताए गए हैं। जिनमें से पांच लोगों की हालत गंभीर बताई गई है। घटना के बाद 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद कटनी, जबलपुर रेफर किया जा रहा है। बताया गया है कि हादसे के बाद सड़क पर जाम की स्थिति निर्मित हो गई। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई और मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जाम खुलवाया। बस हादसे में तीन लोगों के मौत की पुष्टि कलेक्टर कृष्णदेव त्रिपाठी ने की है।

कार्यक्रम में शामिल होने ग्रामीणों को ला रही थी बस

सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बस के माध्यम से ग्रामीणों को लाया जा रहा था। जो हादसे का शिकार हो गई। बस पलट जाने से कई अन्य वाहन भी जाम में फंस गए। पुलिस और स्थानीय लोगों द्वारा प्रयास कर पलटी बस को सड़क से हटाया गया जिसके बाद जाम खुल सका। जाम खुलने के बाद धीरे-धीरे कर वाहन गंतव्य की ओर रवाना हो सके। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने यात्रियों को बस से बाहर निकालने का कार्य किया। इसके बाद अस्पताल पहुंचाया गया।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने उठाई मुआवजे की मांग

इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष अजय सिंह भी दुर्घटनास्थल पर पहुंचे। उनके द्वारा प्रदेश सरकार से मृतकों के आश्रितों को सरकारी नौकरी और दस-दस लाख रुपए मुआवजा देने की मांग की है। वहीं घायलों को पांच-पांच लाख रुपए देने की मांग उठाई है। हादसे को उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि उड़ीसा पासिंग की 30 वर्ष पुरानी बस से ग्रामीणों को कार्यक्रम में भीड़ बढ़ाने के लिए ढोया जा रहा था। जिसके कारण यह घटना घटित हुई। बस हादसे की जानकारी होने पर एडीजीपी डीसी सागर एवं कमिश्नर राजीव शर्मा भी जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उनके द्वारा घायलों से मुलाकात करते हुए हालात का जायजा लिया गया।

Next Story