उज्जैन

Mahakal Lok Phase 2: एमपी उज्जैन के महाकाल मंदिर में फेज 2 का कार्य प्रारंभ, चांदी की दीवारों से दमकेगा नंदी हाल

Sanjay Patel
17 Dec 2022 11:24 AM GMT
Mahakal Lok Phase 2: एमपी उज्जैन के महाकाल मंदिर में फेज 2 का कार्य प्रारंभ, चांदी की दीवारों से दमकेगा नंदी हाल
x
Mahakal Lok Phase 2: उज्जैन स्थित महाकाल लोक का लोकार्पण गत दिवस प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किया गया था। अब यहां फेज-2 के तहत काम प्रारंभ कर दिया गया है।

Mahakal Lok Phase 2: उज्जैन स्थित महाकाल लोक का लोकार्पण गत दिवस प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किया गया था। जिसके बाद यहां श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। हजारों की संख्या में भक्त प्रतिदिन श्री महाकाल के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। अब यहां फेज-2 के तहत काम प्रारंभ कर दिया गया है। जिसमें महाकाल परिसर का विस्तारीकरण के साथ ही सौंदर्यीकरण का कार्य करीब 778 करोड़ की लागत से किया जाएगा।

आगामी 6 माह में पूरा होगा कार्य

फेज-2 के अंतर्गत महाकाल परिसर का विस्तार किए जाने के साथ ही इसका सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इस कार्य को आगामी 6 माह में पूर्ण किए जाने की संभावना है। कार्य पूर्ण होने के यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर का पूरा परिसर ही बदले लुक में नजर आएगा। बताया गया है कि महाकाल मंदिर के आंतरिक और बाहरी भाग को जल्द ही रेनोवेट कर दिया जाएगा। परिसर में वर्षों पुराने जो फ्लोर लगे हैं उन्हें भी बदलने का कार्य किया जाएगा।

3 करोड़ से संवरेगा नंदी हाल

कलेक्टर आशीष सिंह के मुताबिक नंदी हाल में अभी दीवारों पर मार्बल लगा है। जल्द ही इन दीवारों को चांदी से संवारा जाएगा। जिसके बाद यहां का दृश्य लोगों को और आकर्षित करेगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा मंदिर को दिव्य और सुंदर बनाने के निर्देश दिए गए थे। जिसके बाद यहां फ्लोरिंग बदलने सहित नंदी की मूर्ति के सामने दोनों ओर चांदी से जड़ित मूर्तियां उकेर कर दीवारों पर लगाई जाएंगी। यहां किए जाने वाले चांदी के कार्य के लिए 3 करोड़ का टेंडर जल्द ही जारी किया जाएगा। नंदी हाल में होने वाली आरती और मंत्रोच्चार समेत अन्य आवाजें इको नहीं हों इसके लिए एकॉस्टिक ट्रीटमेंट किया जाएगा।

फेज-2 में यह कराए जाएंगे कार्य

फेज-2 में 778 करोड़ की लागत से महाकाल मंदिर परिसर का विस्तारीकरण और सौंदर्यीकरण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। जिसमें त्रिवेणी संग्रहालय विस्तार के 9.5 करोड़, जेके सीमेंट कंपनी द्वारा धर्मशाला निर्माण के लिए 6 करोड़, अग्रवाल ग्रुप द्वारा अन्न क्षेत्र निर्माण के लिए 16.50 करोड़ रुपए से कार्य कराए जाएंगे। वहीं त्रिवेणी संग्रहालय के सामने पार्किंग, भोजनालय विस्तार 45 करोड़, थाना व पुलिस क्वार्टर विस्थापन 3.80 करोड़, रेलवे स्टेशन से मंदिर तक रोप वे 209 करोड़, महाराजवाड़ परिसर को हेरिटेज होटल के रूप में बदलने का कार्य 28.8 करोड़, शिखर दर्शन 16.10 करोड़, लेजर व वाटर स्क्रीन शो 32.50 करोड़, मंदिर पहुंच मार्ग 33 करोड़, मंदिर में भूमिगत प्रतीक्षालय, नंदी हाल सौंदर्यीकरण व स्टेच्यू का संरक्षण 72.50 करोड़, अन्य सड़का का विकास 112 करोड़, त्रिवेणी से चारधाम, हरसिद्धि मार्ग निर्माण 33.27 करोड़, महाराजवाड़ा बेसमेंट पार्किंग व वेंडर क्षेत्र 39.87 करोड़, रामघाट सुंदरीकरण 20.79 करोड़, सीसीटीवी निगरानी व एक्सेस नियंत्रण प्रणाली 7.08 करोड़, नीलकंठ वन मार्ग आर-18 विकास 22.36 करोड़, नीलकंठ वन विकास 6.95 करोड़, रुद्रसागर पुनरुद्धार एवं लेक फ्रंट व्यू 21.52 करोड़, रुद्रसागर पर पैदल पुल निर्माण 25.22 करोड़ एवं हरिफाटक पार्किंग का निर्माण कार्य 11.09 करोड़ की लागत से कराया जाना शामिल है।

Next Story