उज्जैन

एमपी उज्जैन महाकाल की नगरी में बनेगा डेढ़ सौ कमरों का सेवा सदन, भक्तों को रियायती दरों पर होगा उपलब्ध

Sanjay Patel
13 Jan 2023 11:30 AM GMT
एमपी उज्जैन महाकाल की नगरी में बनेगा डेढ़ सौ कमरों का सेवा सदन, भक्तों को रियायती दरों पर होगा उपलब्ध
x
बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन पहुंचने वाले भक्तों को अब रुकने के लिए किफायती दरों पर कमरे उपलब्ध कराए जाने की योजना है।

बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन पहुंचने वाले भक्तों को अब रुकने के लिए किफायती दरों पर कमरे उपलब्ध कराए जाने की योजना है। महाकाल लोक के लोकार्पण से बाद से यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा हुआ है। बाबा महाकाल के दर्शन के साथ ही पर्यटन के दृष्टिकोण से भी यहां काफी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। यहां आने वाले लोगों की बढ़ती संख्या को देखते हुए राज्य सरकार के पर्यटन एवं धर्मस्व विभाग ने रियायती दरों पर आवास व्यवस्था उपलब्ध कराने का फैसला लिया है।

32 एकड़ जमीन में होगा निर्माण

महाकाल लोक के दूसरे चरण में डेढ़ सौ कमरे उपलब्ध कराए जाने की योजना है जिसके लिए जल्द ही काम प्रारंभ होगा। मध्यप्रदेश की पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर की मानें तो सेवा सदन बनाने की तैयारी की जा रही है। जिसके तहत डेढ़ सौ से ज्यादा कमरों का निर्माण कराया जाएगा। श्री महाकाल लेक के दूसरे चरण का कार्य जल्द प्रारंभ होने जा रहा है जिसमें सेवा सदन प्रस्तावित भी है। सेवा सदन का निर्माण पूर्ण हो जाने के बाद यहां आने वाले भक्तों को रियायती दरों पर सर्वसुविधायुक्त कमरे महाकाल लोक के पास ही आसानी से उपलब्ध कराए जा सकेंगे। बताया गया है कि उज्जैन धर्माटन और पर्यटन को सर्व सुविधायुक्त बनाने के साथ ही आरामदेह बनाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

बड़वानी से स्टैचू ऑफ यूनिटी तक चलेगा क्रूज

मध्यप्रदेश की पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर की मानें तो उज्जैन-ओंकारेश्वर-महेश्वर-मांडू को एक टूरिस्ट सर्किट के रूप में विकसित किया जा रहा है। बड़वानी से स्टैचू ऑफ यूनिट तक क्रूज चलाने की तैयारी की जा रही है। यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। हम गतिविधियों को और बढ़ाने जा रहे हैं। बांधों के बैक वाटर को भी हम पर्यटक स्थलों के रूप में विकसित कर रहे हैं। प्रदेश की पर्यटन मंत्री ने कहा कि श्री महाकाल लोक के बाद प्रदेश को एक अन्य ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर की विकास योजना पर भी काम प्रारंभ हो गया है। जिसके तहत मंदिर के आसपास के क्षेत्र को व्यवस्थित किया जाएगा। इंदौर से ओंकारेश्वर तक का हिस्सा फोरलेन बन जाने के बाद इंदौर, उज्जैन से ओंकारेश्वर की अच्छी कनेक्टिविटी हो जाएगी।

Next Story