उज्जैन

MP News: महाशिवरात्रि पर 21 लाख दीपों से जगमाएगा क्षिप्रा तट, नया रिकार्ड बनाने की तैयारी

Sanjay Patel
21 Jan 2023 10:06 AM GMT
MP News: महाशिवरात्रि पर 21 लाख दीपों से जगमाएगा क्षिप्रा तट, नया रिकार्ड बनाने की तैयारी
x
एमपी उज्जैन में महाशिवरात्रि पर नया विश्व रिकार्ड बनाने की तैयारी प्रारंभ कर दी गई है। 18 फरवरी को क्षिप्रा नदी के तट पर 21 लाख दीप जमगमाएंगे।

एमपी उज्जैन में महाशिवरात्रि पर नया विश्व रिकार्ड बनाने की तैयारी प्रारंभ कर दी गई है। 18 फरवरी को क्षिप्रा नदी के तट पर 21 लाख दीप जमगमाएंगे। इसके साथ ही सम्पूर्ण शहर में भी दीपों की रोशनी होगी। दीपावली की पूर्व संध्या पर अयोध्या में 23 अक्टूबर को दीपोत्सव मनाया गया था जिसमें सरयू घाट पर 15 लाख दीप जलाए गए थे। जिसे गिनीज बुक आफ वल्र्ड रिकार्ड में दर्ज किया गया था। इस रिकार्ड को तोड़ने की तैयारी में उज्जैन प्रयासरत है।

गत वर्ष भी बनाया था रिकार्ड

बताया गया है कि गत वर्ष भी महाशिवरात्रि को क्षिप्रा नदी के तट पर 11 लाख 71 हजार दीये जलाकर उज्जैन द्वारा रिकार्ड बनाया गया था किंतु दीपावली के अवसर पर अयोध्या में 15 लाख 96 हजार दीये जलाकर नया रिकार्ड बना लिया गया। जिसको पुनः तोड़ने के प्रयास में उज्जैन द्वारा तैयारी की जा रही है। महाशिवरात्रि पर उज्जैन में शिव ज्योति अपर्णम महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा जिसमें 21 लाख दीपों की रोशनी से क्षिप्रा नदी का पावन तट जगमगाएगा। इसके साथ ही शहर के सभी मंदिरों, सार्वजनिक स्थलों और शासकीय परिसरों तथा शहरवासियों द्वारा अपने-अपने घरों व प्रतिष्ठानों में भी दीपों की रोशनी की जाएगी। शिव ज्योति अपर्णम में शहर के हर नागरिक की भागीदारी रहेगी इसे एक उत्सव की तरह मनाने की तैयारी की जा रही है।

40 लाख आएगा अनुमानित खर्च

महाशिवरात्रि पर महोत्सव मनाने की तैयारी उज्जैन नगर निगम द्वारा प्रारंभ कर दी गई है। 25 लाख दीयों के टेंडर निकाले गए हैं जिसकी अनुमानित लागत 40 लाख रुपए बताई गई है। इसके साथ ही तीन तरह का तेल जिसमें सरसों, सोयाबीन और कपास का 50 हजार लीटर रहेगा। इसके साथ ही 25 लाख रुई की बाती, 600 किलोग्राम कपूर के साथ ही 4 हजार माचिसों के लिए भी टेंडर निकाले गए हैं।

इनका कहना है

इस संबंध में उज्जैन महापौर मुकेश टटवाल का कहना है कि महाशिवरात्रि पर महोत्सव मनाया जाएगा। जिसके लिए महाकाल मंदिर प्रबंध समिति और निगम द्वारा सबसे अधिक दीप जलाने की तैयारी प्रारंभ कर दी गई है। 21 लाख दीपों से क्षिप्रा नदी का पावन तट रोशन किया जाएगा। इस दौरान शहर को भी आकर्षक रूप से सजाया जाएगा। ऐसे प्रयास किए जा रहे हैं शहर का हर नागरिक इस महोत्सव में अपनी भागीदारी निभाए।

Next Story