उज्जैन

एमपी उज्जैन में महाकाल दर्शन के लिए नव वर्ष की शुरुआत में 15 लाख भक्तों के पहुंचने का अनुमान

Sanjay Patel
23 Dec 2022 10:22 AM GMT
एमपी उज्जैन में महाकाल दर्शन के लिए नव वर्ष की शुरुआत में 15 लाख भक्तों के पहुंचने का अनुमान
x
उज्जैन में महाकाल लोक के लोकार्पण के बाद से यहां पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। आगामी क्रिसमस व नव वर्ष में यहां श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ेगा।

उज्जैन में महाकाल लोक के लोकार्पण के बाद से यहां पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। आगामी क्रिसमस व नव वर्ष में यहां श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ेगा। जिसको लेकर व्यवस्था बनानी प्रारंभ कर दी गई हैं। महाकाल मंदिर सूत्रों के अनुसार नव वर्ष की शुरुआत में यहां तकरीबन 15 लाख भक्तों के पहुंचने का अनुमान जताया गया है।

किए जा रहे आवश्यक इंतजाम

वर्ष 2022 की विदाई एवं नव वर्ष 2023 के स्वागत में महाकाल मंदिर में देश-विदेश से हजारों भक्त यहां दर्शन करने पहुंचेंगे। महाकाल लोक के अद्भुत नजारे का दीदार करने बड़ी संख्या में पर्यटक आएंगे। गत दिवस कलेक्टर आशीष सिंह व एसपी सत्येन्द्र कुमार शुक्ला द्वारा इसको लेकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया था। क्रिसमस व नव वर्ष के मद्देनजर बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के हिसाब से यहां व्यवस्था भी बनानी प्रारंभ कर दी गई है। जिसको अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस संबंध में प्रशासक संदीप कुमार सोनी की मानें तो 25 दिसंबर से 5 जनवरी के बीच यहां तकरीबन 15 लाख से अधिक भक्तों के महाकाल दर्शन के लिए पहुंचने का अनुमान जताया गया है।

5 जनवरी तक गर्भगृह में प्रवेश रहेगा प्रतिबंधित

भीड़ की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर आशीष सिंह ने दो कतार में दर्शनार्थियों को मंदिर में प्रवेश देने के निर्देश दिए हैं। उनके द्वारा फैसेलिटी सेंटर तथा अन्य होल्डप में आवश्यक बैरिकेडिंग करने भी निर्देश दिए हैं। उज्जैन महाकाल मंदिर में 24 दिसम्बर से 5 जनवरी तक गर्भगृह में आम भक्तों प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान भक्तों को गणेश मंडपम से भगवान महाकाल के दर्शन कराए जाएंगे। गणेश मंडपम में तीन लाइन चलाई जाएंगी जिसके माध्यम से दर्शनार्थी कम समय में शीघ्रता से भगवान महाकाल के दर्शन कर सकेंगे। आगामी भीड़ के मद्देनजर भक्तों की सुविधा के लिए पेयजल, पूजा स्टैण्ड सहित अन्य व्यवस्थाओं के भी व्यापक इंतजामात किए जाने के लिए निर्देश कलेक्टर द्वारा दिए गए हैं।

Next Story