सीधी

एमपी के सीधी में बाइक को टक्कर मारने के बाद महिला के ऊपर से निकल गया ट्रैक्टर, हो गई मौत

Sanjay Patel
10 Jun 2023 10:02 AM GMT
एमपी के सीधी में बाइक को टक्कर मारने के बाद महिला के ऊपर से निकल गया ट्रैक्टर, हो गई मौत
x
MP News: मध्यप्रदेश के सीधी जिले में एक ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। ठोकर लगने से महिला सड़क पर जा गिरी। जिसके बाद ट्रैक्टर महिला के ऊपर से निकल गया।

मध्यप्रदेश के सीधी जिले में एक ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। ठोकर लगने से महिला सड़क पर जा गिरी। जिसके बाद ट्रैक्टर महिला के ऊपर से निकल गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। जिसके बाद गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया। जहां से जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया।

बाइक को मारी मारी टक्कर

सीधी जिले में आंगनबाड़ी में काम करने वाली सहायिका दिलवा विश्वकर्मा पति भाईलाल विश्वकर्मा ग्राम चमरौहा सहायिका के पद पर पदस्थ थीं। बताया गया है कि वह अपने भतीजे के साथ निजी कार्य हेतु बाइक में सवार होकर सीधी की ओर जा रही थीं। इसी दौरान अचानक बिना नंबर का ट्रैक्टर पहुंचा और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। ट्रैक्टर में मिट्टी लोड थी। ट्रैक्टर की टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसके बाद चालक व महिला दोनों जमीन पर गिर गए। ट्रैक्टर का अगला पहिया महिला के शरीर के बीचों बीच से गुजर गया। इस हादसे में महिला को गंभीर चोटें पहुंचीं जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गईं।

रास्ते में तोड़ दिया दम

इस हादसे के बाद मौके पर लोगों का हुजूम जुट गया। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए आनन-फानन में अमिलिया प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया। जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। किंतु अस्पताल पहुंचने से पूर्व ही महिला ने रास्ते में दम तोड़ दिया। इस हादसे में बाइक चालक के भी हाथ और पैर में चोट पहुंची है। यहां उल्लेखनीय है कि सीधी जिले में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। आज हुए सड़क हादसे में एक महिला की जान चली गई। इसके पूर्व में सीधी में सड़क हादसे हो चुके हैं। गत दो दिनों के भीतर दो बस भी पलट चुकी हैं। जिसमें कई यात्रियों को गंभीर चोटें पहुंची थीं।

Next Story