सीधी

सीधी: भालू ने किया महिला पर हमला, वन विभाग पर खानापूर्ति का आरोप

सीधी: भालू ने किया महिला पर हमला, वन विभाग पर खानापूर्ति का आरोप
x
सीधी: जिले के संजय टाइगर रिजर्व के वन परिक्षेत्र मड़वास अंतर्गत ग्राम ददरी में बीती रात एक महिला पर भालू ने हमला कर उसे घायल कर दिया।

सीधी: जिले के संजय टाइगर रिजर्व के वन परिक्षेत्र मड़वास अंतर्गत ग्राम ददरी में बीती रात एक महिला पर भालू ने हमला कर उसे घायल कर दिया। भालू के हमले से घायल महिला कौशल्या देवी शर्मा पत्नी लोकनाथ शर्मा 45 वर्ष निवासी ददरी को उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल लाया गया। चिकित्सालय में भर्ती महिला की हालत गंभीर बताई गई है। घटना के बाद मौके पर पहुंचे वनकर्मियों पर ग्रामीणों ने खानापूर्ति करने का आरोप लगाया है।

कैसे हुई घटना

बताया गया है कि बीते दिवस महिला किसी काम से अपने घर के पीछे गई थी, जहां मौजूद भालू ने महिला पर हमला कर उसे घायल कर दिया। बताया गया है कि महिला के चीखने की आवाज सुन कर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और परिजनों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बचाया। बताते हैं कि महिला के शरीर में सौ टांके लगे हैं।

फोटो खींचा और चले गए

ग्रामीणों ने बताया कि घटना के बाद मौके पर पहुंचे वन विभाग के कर्मचारियों ने फोटों खीचा और चले गए। विभाग के कर्मचारियों ने महिला को न तो स्वास्थ्य केन्द्र ले जाने की व्यवस्था की और न ही जिला चिकित्सालय में भर्ती कराने में सहयोग किया। फोटो खींचने के बाद वन विभाग के कर्मचारियों ने कहा कि आपका काम हो गया है।

पूर्व में दिखे जंगली भालू

बताया गया है कि गांव में जंगली भालुओं का खतरा हमेशा ही बना रहता है। पूर्व में कई जंगली भालू गांव और खेत में देखे गए हैं। लेकिन पूर्व में ऐसी घटना नहीं हुई। जंगली जानवरों के गांव में आने के कारण यहां खतरे की संभावना तो बनी ही रहती है। वन विभाग के कर्मचारियों को इसकी सूचना ग्रामीणों द्वारा पूर्व में भी दी जा चुकी है। इसके बावजूद भी वन विभाग द्वारा समस्या के निराकरण को लेकर कोई ठोस प्रयास नहीं किया गया।

Next Story