सीधी

एमपी के सीधी में घर के आंगन से मासूम को उठा ले गया तेंदुआ, अब तक नहीं लगा सुराग

Sanjay Patel
25 Dec 2022 10:44 AM GMT
एमपी के सीधी में घर के आंगन से मासूम को उठा ले गया तेंदुआ, अब तक नहीं लगा सुराग
x
सीधी जिले के संजय टाइगर रिजर्व से लगे कुसमी ब्लॉक के गांव में एक तेंदुआ बच्चे को घर के आंगन से उठाकर ले गया। मासूम की उम्र 11 वर्ष बताई गई है।

सीधी जिले के संजय टाइगर रिजर्व से लगे कुसमी ब्लॉक के गांव में एक तेंदुआ बच्चे को घर के आंगन से उठाकर ले गया। मासूम की उम्र 11 वर्ष बताई गई है। ग्रामीणों द्वारा बच्चे की कई स्थानों पर तलाश की गई किन्तु अभी तक उसका सुराग नहीं चल पाया है। जिससे बच्चे के परिजनों में मायूसी नजर आने लगी है।

पढ़ाई कर रहा था मासूम

संजय टाइगर रिजर्व अंतर्गत वन परिक्षेत्र पोड़ी के ग्राम गिजोहर में उक्त घटित हुई। खैरी के गिजोहर गांव निवासी रामबहादुर बैगा का 11 वर्षीय पुत्र कमल बैगा घर के आंगन में अपने तीन अन्य भाई बहनों के साथ पढ़ाई करने में जुटा था। इसी दौरान तकरीबन रात 8 बजे जंगल की तरफ से तेंदुआ आया और मासूम को अपना निशाना बनाते हुए जंगल की ओर भाग गया। यह देखकर अन्य बच्चों में चीख पुकार मच गया। बच्चों के शोर मचाने पर जब परिजन आए तो उन्हें इसकी जानकारी बच्चों ने दी। घटना की खबर आसपास के गांवों में भी आग की तरह फैल गई। इस दौरान ग्रामीण बच्चे की तलाश में जुट गए। किन्तु मासूम का सुराग नहीं मिल सका है।

संजय टाइगर रिजर्व की यह दूसरी घटना

सीधी जिले के संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र के ग्राम पंचायत खैरी के गिजोहर गांव में इस तरह की दूसरी घटना सामने आई है। जिससे पूरा गांव दहशत के साये में है। इस दौरान लोगों द्वारा आसपास बच्चे की तलाश की गई किन्तु मायूसी ही हाथ लग सकी है। यहां उल्लेखनीय है कि करीब एक माह पूर्व भी वन परिक्षेत्र पोंडी अंतर्गत ग्राम चंदवारिया टोला से एक सात वर्षीय मासूम को तेंदुआ खलिहान से उठाकर ले गया था। ग्रामीणों सहित वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा उसकी खोजबीन की गई थी। जिसके बाद घटनास्थल से तकरीबन तीन सौ मीटर की दूरी पर मासूम का शव खून से लथपथ बरामद किया गया था। इस दौरान ग्रामीणों द्वारा तेंदुए को रेस्क्यू ऑपरेशन कर पकड़ने की मांग के बाद संजय टाइगर रिजर्व के अधिकारियों द्वारा पिंजड़ा रखकर आदमखोर तेंदुआ को पकड़ने का प्रयास किया गया था। जिसे चार दिनों बाद खूनी तेंदुआ बकरी के शिकार के लालच में पिंजरे में कैद हो गया था। किंतु एक बाद फिर ऐसी ही घटना की पुनरावृत्ति से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

Next Story