सीधी

एमपी के सीधी में शादी के दौरान पहुंच गई दूल्हे की पहली पत्नी तो जमकर हुआ हंगामा

Sanjay Patel
24 Jun 2023 10:17 AM GMT
एमपी के सीधी में शादी के दौरान पहुंच गई दूल्हे की पहली पत्नी तो जमकर हुआ हंगामा
x
MP News: एमपी के सीधी में युवक ब्याह रचाने जा रहा था। शादी समारोह में जब उसकी पहली पत्नी पहुंच गई तो दूल्हा बाइक पर सवार होकर गायब हो गया।

एमपी के सीधी में युवक ब्याह रचाने जा रहा था। शादी समारोह में जब उसकी पहली पत्नी पहुंच गई तो दूल्हा बाइक पर सवार होकर गायब हो गया। जबकि दुल्हन वरमाला के लिए दूल्हे का इंतजार करती रह गई। काफी देर तक दूल्हा वापस नहीं आया तो लड़की पक्ष के लोगों ने लड़के वालों से पूछताछ की। जिसके बाद जमकर हंगामा मच गया। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर कुर्सियों की बौछार करने लगे।

क्या है मामला

जानकारी के अनुसार मसुरिहा गांव निवासी रावेन्द्र गुप्ता की शादी डोल कोठार निवासी युवती से तय हुई थी। तिलकोत्सव से लेकर सभी कार्यक्रम धूमधाम से हुए। गुरुवार को बारात शहर के चकदही रोड शक्ति पैलेस पहुंच गई। जहां बारातियों के स्वागत के बाद द्वार पूजा भी अच्छे ढंग से संपन्न हुआ। इसी दौरान विवाद प्रारंभ हो गया। दुल्हन के परिजनों ने आरोप लगाया कि दूल्हा पहले से ही किसी युवती से कोर्ट मैरिज कर चुका है। वह युवती को बगैर जानकारी दिए दूसरी शादी करने पहुंचा थां उसके पिता को भी पहली शादी की जानकारी थी किंतु लड़की पक्ष से छिपाया गया।

पत्नी को साथ लेकर भाग गया दूल्हा

इस दौरान द्वार पूजा के बाद जयमाला की तैयारी प्रारंभ हुई। तभी युवक की पत्नी बीच कार्यक्रम में पहुंच गई और विवाद प्रारंभ हो गया। झगड़े के बीच दूल्हा अपनी पत्नी को साथ लेकर बाइक से भाग निकला। जबकि दुल्हन पक्ष ने लड़के वालों की जमकर धुनाई की। लड़के वालों ने जान बचाने के लिए माफी मांगी और समझाने की कोशिश की। किंतु लड़की वालों ने कहा कि हमारे साथ धोखा हुआ है। इसकी शिकायत पुलिस से करेंगे। लड़के वालों ने कहा कि पुलिस के पास न जाएं हम अपनी गलती मानते हैं। इस दौरान तिलक सहित अन्य खर्चे देने के लिए लड़के का पिता राजी हुआ तब जाकर मामला शांत हो पाया।

दूल्हे के पिता ने साढ़े 6 लाख किया भुगतान

युवक और युवती के पिता ने 100 रुपए के स्टाम्प पेपर में नोटरी कराकर समझौता किया है। दूल्हा रावेन्द्र गुप्ता निवासी पड़रा व दुल्हन ने 13 जून को 100 रुपए के स्टाम्प पेपर में उल्लेख कराया है कि 22 जून को युवक का विवाह युवती के साथ होना सुनिश्चित हुआ था। किंतु आपसी विवाद की वजह से विवाह नहीं हो सका। दोनों पक्ष में समझौता होने के बाद युवती के पक्ष के खर्च की कुल राशि 6 लाख 50 हजार रुपए चेक से वर पक्ष रावेन्द्र गुप्ता द्वारा युवती पक्ष को चेक से भुगतान किया है।

Next Story