
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- सीधी
- /
- उप मुख्यमंत्री...
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने निर्माणाधीन सीधी-सिंगरौली हाईवे और उन्नत गोपद पुल का किया निरीक्षण

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने निर्माणाधीन सीधी-सिंगरौली हाईवे (Sidhi-Singrauli Highway) का निरीक्षण किया। उप मुख्यमंत्री ने बहरी, गोपद पुल, करथुआ, देवसर तथा बरगवां में निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया।
गोपद पुल का निरीक्षण करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्नत गोपद पुल की दो लेन का निर्माण लगभग पूरा हो गया है। सीधी की ओर लगभग 280 मीटर तथा सिंगरौली की ओर 100 मीटर पुल की एप्रोच रोड एक माह में बना दें। उन्नत गोपद पुल में 15 फरवरी से आवागमन शुरू करा दें।
सीधी से सिंगरौली हाईवे इस पूरे क्षेत्र की जीवन रेखा है। इस महत्वपूर्ण फोरलेन सड़क के अधिकांश भाग का निर्माण पूरा होने की कगार पर है। इसके दो लेन का काम 15 फरवरी तक पूरा करा दें जिससे आवागमन शुरू हो जाए। वाहन चालकों को होने वाली कठिनाई दूर हो सके। शेष हाईवे का निर्माण भी वर्षा शुरू होने तक शुरू कराने के प्रयास करें।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क विकास की वाहनी होती है। सीधी से सिंगरौली सड़क का निर्माण काफी दिनों से चल रहा है। इस सड़क का निर्माण पूरा कराने के लिए केन्द्र और राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही हैं जिसके कारण निर्माण कार्य में गति आई है। इसके निर्माण कार्यों की हर माह समीक्षा की जाएगी। किसी भी क्षेत्र के विकास में सड़क मार्ग, रेल मार्ग और हवाई मार्ग महत्वपूर्ण घटक हैं। इस दिशा में प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के नेतृत्व में देश भर में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। इसका लाभ विन्ध्य क्षेत्र को भी मिला है।
रीवा में उड़ान योजना से एयरपोर्ट का निर्माण हो रहा है। यहाँ मार्च से हवाई सेवा शुरू हो जाएगी। रीवा और सीधी हाईवे में विश्वस्तरीय टनल का निर्माण किया गया है। इस कड़ी में ललितपुर सिंगरौली रेलवे लाइन और सीधी से सिंगरौली हाईवे भी शामिल है जिनमें तेजी से कार्य किया जा रहा है। इन महत्वपूर्ण कार्यों से पूरे क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मध्यप्रदेश देश के विकसित राज्यों में शामिल होगा।
उप मुख्यमंत्री से आमजनों ने सोन नदी के जोगदहा पुल के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी दी। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जोगदहा पुल का निर्माण 30 जून तक पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बहरी से हनुमना बहुत महत्वपूर्ण मार्ग है। इससे क्षेत्र के लोग सीधे प्रयागराज जाते हैं। तय समय सीमा में पुल का निर्माण पूरा कराएं। उप मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन करथुआ पुल का भी निरीक्षण किया।
उप मुख्यमंत्री ने देवसर में नवनिर्वाचित विधायक सिहावल विश्वामित्र पाठक के निज निवास जाकर उनसे सौजन्य भेंट की। श्री पाठक ने क्षेत्र के विकास गतिविधियों तथा विकसित भारत संकल्प यात्रा की गतिविधियों से उप मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया।
उप मुख्यमंत्री के भ्रमण के समय नगर निगम रीवा के अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय, कलेक्टर सीधी साकेत मालवीय, कलेक्टर सिंगरौली अरूण परमार, पुलिस अधीक्षक सीधी रवीन्द्र वर्मा, पुलिस अधीक्षक सिंगरौली यूसुफ कुरैशी, मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के महाप्रबंधक तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Neelam Dwivedi
Neelam Dwivedi is an experienced digital content editor in the field of journalism. She has been working with the Rewa Riyasat news portal since 2016, managing and editing news content in both Hindi and English. She covers a wide range of topics, including national and international news, politics, sports, technology, health, lifestyle, and social issues. Her work focuses on presenting clear, accurate, and easy-to-understand news for readers while staying updated with the latest trends in digital media.




