
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- सीधी
- /
- 24 बार भाभी पर देवर ने...

रीवा। रिश्ते को कलंकित करने वाली घटना सामने आई है। रिश्ते के देवर ने भाभी के ऊपर कुल्हाड़ी से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। भाइयों के बीच में जमीनी विवाद चल रहा था, जिसकी 10 माह पहले शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुरानी खुन्नस को लेकर आरोपी ने खेत से खलिहान की तरफ आते समय भाभी को अकेली पाकर उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिसमें महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए पहले कुसमी फिर सीधी और इसके बाद संजय गांधी अस्पताल रीवा पहुंचाया गया। यहां डॉटरों ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार गंगावती सिंह गौड़ पति लालदेव सिंह 45 वर्ष निवासी खुरडोल थाना कुसमी जिला सीधी का अपने देवर दुर्जन सिंह पिता अनूप सिंह के साथ जमीनी विवाद चल रहा था। दोनों पक्षों के बीच जनवरी 19 में विवाद हुआ था, जिसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई गई थी। रविवार दोपहर गंगावती और उसका पति लालदेव सिंह घर से कुछ दूरी पर खेत में धान की फसल काट रहे थे। पति बोझा बांधकर पत्नी को दे रहा था और गंगावती उसे खलिहान तक पहुंचा रही थी। खेत से खलिहान जाते समय आरोपी ने घात लगाकर गंगावती पर ताबड़तोड़ कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। कुल्हाड़ी से 24 वार के बाद घायल गंगावती जमीन पर धराशाई हो गई। उसकी आवाज सुनकर पति लालदेव सिंह जब तक पहुंचा, आरोपी मौके से फरार हो गया। गंगावती के पति द्वारा परिवार के अन्य सदस्यों को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंचे परिवार के लोग गंभीर रूप से घायल महिला को पहले कुसमी स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां डॉटरों ने सीधी ले जाने की सलाह दी। घायल को सीधी जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां गंभीर हालत देखते हुए उसे संजय गांधी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। यहां पहुंचते ही डॉटरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और आगे की कार्यवाही के लिए सीधी जिले के लिए डायरी भेज दी है।