
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- सीधी
- /
- रीवा: बकिया बराज के 11...
रीवा: बकिया बराज के 11 गेट खुले, बाणसागर भरने की कगार पर, अलर्ट जारी

रीवा। लगातार बारिश ने तराई में हड़कंप मचा दिया है। बकिया बराज फुल हो चुका है। पहले बांध के 5 गेट ही खुले थे, अब 11 गेट खोल दिए गए हैं। टमस में पानी छोड़े जाने के बाद प्रशासन ने तराई में अलर्ट जारी कर दिया है। ज्ञात हो कि दो दिनों से मौसम का रुख बदला है। बारिश लगातार हो रही है। इससे नदी, नाले उफान पर है। बांधों की स्थिति भी खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गई है। बकिया बराज भर चुका है।
6 सितंबर दोपहर बीहर बराज के दो गेट खोल गए। इसके बाद पानी लगातार पहुंचने के बाद गेट खोलने की संया भी बढ़ती गई। गुरुवार शाम तक 5 गेट खोले गए। वहीं शुक्रवार शाम तक यह संया पहुंचकर 11 हो गई। बकिया बराज के 4 गेट 50 सेंटीमीटर और 7 गेट 25 सेंटीमीटर तक खोले गए हैं। गेट की ऊंचाई बढ़ाए जाने के बाद तराई में अलर्ट जारी कर दिया गया है। बकिया बराज से फिलहाल टमस नदी में 1085 यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है।
इसके अलावा बीहर बराज में भी जलस्तर बढ़ा है। शाम तक इसके भी 4 गेट खोल दिए गए थे। 25-35 सेंटीमीटर गेट खोले गए हैं। वहीं गेट खोले जाने के बाद त्योंथर एसडीएम, तहसीलदार सिरमौर को एलर्ट भी कर दिया गया है। देर रात खुल सकते हैं बाणसागर के गेट : बाणसागर बांध भी तेजी से बढ़ रहा है। शाम 4 बजे तक जलस्तर 340.51 मीटर था।
वहीं रात 8 बजे तक इसके जलस्तर में काफी इजाफा दर्ज किया गया है। जल स्तर करीब 340.91 मीटर तक पहुंच गया है। जिस तेजी से जलस्तर बढ़ रहा है, ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि देर रात बाण सागर खतरे के निशान तक पहुंच जाएगा। बांध भरते ही गेट खोले जाने की भी संभावनाएं बढ़ गई हैं।