सीधी

रीवा: अजय सिंह राहुल और अरुण यादव के समर्थकों पर गिरी बावरिया विवाद की गाज

Aaryan Dwivedi
16 Feb 2021 5:58 AM GMT
रीवा: अजय सिंह राहुल और अरुण यादव के समर्थकों पर गिरी बावरिया विवाद की गाज
x
Get Latest Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, Today News in Hindi, Breaking News, Hindi News - Rewa Riyasat

रीवा. कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया के साथ दुव्र्यवहार किए जाने के मामले में पार्टी ने छह कार्यकर्ताओं को निलंबित कर दिया है। इसमें नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव के समर्थकों पर कार्रवाई की गई है। इन नेताओं और बावरिया के बीच पहले भी टकराव की स्थिति बनती रही है, अब कार्रवाई के बाद पार्टी के भीतर ही सवाल उठाए जा रहे हैं कि गुटबाजी को बढ़ावा दिया जा रहा है।

बीते 29 जुलाई को बावरिया नेताओं के साथ टिकट वितरण की रायशुमारी के लिए रीवा आए थे। उस दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने सीएम प्रत्याशी के तौर पर कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम लिया था। जिसके बाद नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह के समर्थकों ने शोरशराबा मचा दिया था। इसी बीच बावरिया और अन्य नेताओं के साथ धक्का-मुक्की की गई। घटना के बाद सियासत गर्मा गई। दिल्ली में राहुल गांधी के साथ हुई बैठक में भी इस बात पर चर्चा हुई, जिसके बाद कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए। रीवा में पहले भी सार्वजनिक रूप से गुटबाजी उभरती रही है। विंध्य में अब तक अजय सिंह को महत्व दिया जाता रहा है लेकिन कुछ महीने से बड़े नेताओं के कार्यक्रमों में उनके समर्थकों को दूर रखने से फिर गुटबाजी उभरने लगी है।

इन्हें किया गया निष्कासित जिन पर कार्रवाई की गई है उनमें शहर कांग्रेस के महामंत्री मानवेन्द्र सिंह नीरज और उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र तिवारी बब्बुल के साथ ही राजेश सिंह सिरमौर, भास्कर सिंह जवा, राहुल सिंह त्योंथर एवं संदीप सिंह रीवा का नाम शामिल हैं। इन्हें पार्टी से कितने दिन के लिए निष्कासित किया गया है इसका भी पत्र में कोई उल्लेख नहीं है।

पीसीसी मेंबर को शोकाज नोटिस पीसीसी मेंबर एवं शहर के वार्ड-12 के पार्षद विनोद शर्मा और चक्रधर सिंह जवा को शोकाज नोटिस दी गई है। कहा गया है कि बावरिया के साथ जो दुव्र्यवहार हुआ उसके लिए आपकी ओर से उकसाया गया है। दोनों से सात दिन के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है। समय पर सही जवाब नहीं दिए जाने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है। शर्मा को हाल ही में जिला युवा कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस नोटिस पर उनका कहना है कि षड्यंत्र के तहत शिकायत की गई है। घटना से कोई लेना-देना नहीं है, रीवा विधानसभा से टिकट मांगी थी, इस कारण पार्टी के ही कुछ लोगों ने शिकायत की थी। संगठन को तथ्यों के साथ जवाब प्रस्तुत किया जाएगा।

ये हैं समर्थक कार्यकर्ता कांग्रेस के जिन कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई हुई है उसमें अधिकतर नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह के समर्थक हैं। वहीं अरुण यादव के करीबी कांग्रेस नेता विमलेन्द्र तिवारी के भाई धर्मेन्द्र पर भी कार्रवाई हुई है। सोशल मीडिया पर आरोप लगाए जा रहे हैं कि बावरिया ने ही पूरे मामले को जानबूझकर हवा दी है। इस कार्रवाई के बाद पार्टी के भीतर हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि जल्द ही कुछ और नेताओं पर कार्रवाई होगी।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा शिकायती पत्र कांग्रेस के ही किसी नेता द्वारा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को भेजी गई शिकायत का एक पत्र इनदिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें कहा गया है कि यह हमला नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह के इशारे पर किया गया है। इससे साफ जाहिर होता है कि कांग्रेस में गुटबाजी चरम पर है। हालांकि नेता प्रतिपक्ष ने इन सब मामलों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता अभद्रता नहीं कर सकता। जो भी बावरिया के साथ मारपीट में शामिल रहे हैं उन पर कार्रवाई होना चाहिए। पार्टी के दूसरे गुट के नेताओं द्वारा प्रतिक्रियाएं भी सोशल मीडिया पर जारी की जा रही हैं कि यह सुनियोजित तरीके से हमला कराया गया है।

प्रदेश संगठन प्रभारी के साथ रीवा में अभद्रता की शिकायत मिली थी। जिस पर छह कार्यकर्ताओं को निष्कासित किया गया है। साथ ही पीसीसी मेंबर सहित दो को शोकाज नोटिस जारी की गई है। जो लेटर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, वह आदेश जारी होने के पहले ही किसी की शरारत है। आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिया गया है।-चंद्रप्रभाष शेखर, संगठन प्रभारी भोपाल

Aaryan Dwivedi

Aaryan Dwivedi

    Next Story