शिवपुरी

एमपी के शिवपुरी में 20 फुट के अजगर ने जकड़कर बकरे को मार डाला, मची अफरा तफरी

Sanjay Patel
3 Jun 2023 10:24 AM GMT
एमपी के शिवपुरी में 20 फुट के अजगर ने जकड़कर बकरे को मार डाला, मची अफरा तफरी
x
MP News: एमपी के शिवपुरी में 20 फुट के अजगर ने बकरे को जकड़कर मार डाला। जिसने भी यह वाकया देखा उसके होश फाख्ता हो गए। अजगर के बकरा निगलने की खबर गांव में आग की तरह फैल गई।

एमपी के शिवपुरी में 20 फुट के अजगर ने बकरे को जकड़कर मार डाला। जिसने भी यह वाकया देखा उसके होश फाख्ता हो गए। अजगर के बकरा निगलने की खबर गांव में आग की तरह फैल गई। मौके पर अफरा तफरी का माहौल निर्मित हो गया। गांव वाले पहली बार इतना बड़ा सांप देखकर हैरान थे। उनका कहना था कि गांव में एनाकोंडा सांप निकल आया है। इसकी जानकारी सर्प मित्र को दी गई। जिसके बाद मौके पर सर्प मित्र पहुंच गए और अजगर को काफी मशक्कत के बाद पकड़ा, तब जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

अजगर पकड़ने डेढ़ घंटे करनी पड़ी मशक्कत

शिवपुरी जिले के काली पहाड़ी गांव में अचानक एक खतरनाक 20 फुट का अजगर देखा गया। जिसने बकरे को निगल लिया। पहली बार इतना लम्बा अजगर दिखने से गांव में दहशत का माहौल निर्मित हो गया। अजगर इतना बड़ा था कि उसने एक बकरे को आसानी से जकड़कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इसकी सूचना तुरंत नरवर के मशहूर स्नेक सेवर सलमान पठान को दी गई। सूचना मिलते ही पठान मौके पर पहुंचे जिसके बाद अजगर को पकड़ने की कार्रवाई की गई। इस दौरान उनके द्वारा लगभग डेढ़ घंटे तक मशक्कत की गई जिसके बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। अजगर के पकड़ में आने के बाद ग्रामीण दहशत से मुक्त नजर आए।

ग्रामीणों ने कहा पहली बार देखा ऐसा सांप

काली पहाड़ी गांव में पाए गए अजगर सांप की लम्बाई 19 से 20 फुट तक थी। गांव वालों का कहना था कि इतना बड़ा सांप उन्होंने अपनी जिंदगी में पहली बार देखा है। इस दौरान सभी हैरान थे। हैरानी में वह कहने लगे कि गांव में एनाकांेडा सांप निकल आया है। स्नेक सेवर सलमान पठान के मुताबिक इतना बड़ा अजगर आसानी से 12 साल तक के बच्चे को निगलकर अपना शिकार बना सकता है। जिसने यहां एक बकरे को अपना शिकार बनाया। सांप के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस लेते हुए स्नेक सेवर पठान को धन्यवाद दिया।

Next Story