शहडोल

एमपी के शहडोल में जिंदा जल गया युवक, महिला की लाश मिलने से फैली सनसनी

Sanjay Patel
16 May 2023 9:50 AM GMT
एमपी के शहडोल में जिंदा जल गया युवक, महिला की लाश मिलने से फैली सनसनी
x
MP News: मध्यप्रदेश के शहडोल में दिल को दहला देने वाली घटना प्रकाश में आई है। यहां एक युवक आग की चपेट में आने से जिंदा जल गया। जबकि जंगल के रास्ते में एक युवती की लाश पाए जाने से सनसनी फैल गई।

मध्यप्रदेश के शहडोल में दिल को दहला देने वाली घटना प्रकाश में आई है। यहां एक युवक आग की चपेट में आने से जिंदा जल गया। जबकि जंगल के रास्ते में एक युवती की लाश पाए जाने से सनसनी फैल गई। युवती के शव के गले में फंदानुमा कपड़ा भी पाया गया है। जिससे उसके हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने दो मामलों में प्रकरण दर्ज करते हुए जांच प्रारंभ कर दी है।

आग से बुरी तरह झुलस गया युवक

शहडोल के जैतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खम्हरिया में सोमवार को घटित घटना में एक युवक बुरी तरह झुलस गया। जानकारी के मुताबिक झीकबिजुरी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खम्हरिया में हाट बाजार के पास अभिषेक द्विवेदी पिता घनश्याम द्विवेदी उम्र 26 वर्ष होटल संचालन का कार्य करता था। चाय-नाश्ता बनाने के लिए वह भट्ठी लगा रहा था। जिससे निकली तेज लपट की चपेट में वह आ गया। देखते ही देखते वह आग से बुरी तरह झुलस गया। इसके बाद आग ने दुकान को भी अपनी गिरफ्त में ले लिया जिससे दुकान का भी पूरा सामान जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों द्वारा किसी तरह पानी डालकर आग पर काबू पाया गया किंतु तब तक अभिषेक की मौत हो चुकी थी।

जंगल के रास्ते में मिला महिला का शव

जंगल के रास्ते में महिला का शव पाए जाने से सनसनी फैल गई। देवलोंद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गाड़ा स्थित जंगल में शव पाया गया। महिला की पहचान थाना क्षेत्र के ग्राम गाड़ा निवासी रेखा पनिका पति रामकुमार पनिका उम्र 40 वर्ष के रूप में की गई है। शव की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची। महिला के शव के गले में फंदानुमा कपड़ा भी पाया गया है। जिससे उसकी हत्या किए जाने की भी आशंका जताई जा रही है। प्रथम दृष्टया महिला के गले में कपड़े से गला घोटकर मारने की बात पुलिस द्वारा कही जा रही है। घटना के बाद से रेखा पनिका का पति भी लापता बताया गया है जिस पर भी पुलिस को संदेह है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।

Next Story