शहडोल

एमपी के शहडोल में 5 साल के रिश्ते पर भारी पड़ गई डेढ़ माह की आशिकी, पत्नी को उतार दिया मौत के घाट

Sanjay Patel
10 Jun 2023 10:28 AM GMT
एमपी के शहडोल में 5 साल के रिश्ते पर भारी पड़ गई डेढ़ माह की आशिकी, पत्नी को उतार दिया मौत के घाट
x
MP News: मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में डेढ़ माह की आशिकी पांच साल के रिश्ते पर भारी पड़ गई। आशिकी के चक्कर पड़कर युवक ने अपनी पत्नी को लाठी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया।

मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में डेढ़ माह की आशिकी पांच साल के रिश्ते पर भारी पड़ गई। आशिकी के चक्कर पड़कर युवक ने अपनी पत्नी को लाठी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस पहले मामले में महिला की स्वाभाविक मौत मान रही थी किंतु जब सख्ती से पेश आई तो घटना से पर्दा उठ गया। पति ने ही अपनी पत्नी को मार डालने की बात कबूल कर ली।

क्या है मामला

मामला शहडोल जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र का है। सैलून की दुकान चलाने वाले मोहम्मद वसीम पिता मोहम्मद नारिस 28 वर्ष निवासी बरवाडीह थाना पथलगड्डा जिला चतरा झारखंड हाल निवासी गोहपारू ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई कि सुबह तकरीबन 9 बजे वह सैलून की दुकान में था। कमरे में उसकी पत्नी जबीना परवीन 24 वर्ष एवं दो लड़के मोहम्मद सईद 4 वर्ष और अयान 10 माह थे। जब वह दोपहर 2 बजे खाना खाने घर पहुंचा तो कमरे के दरवाजे में बाहर से कुंडी लगी हुई थी। कुंडी खोलकर अंदर पहुंचा तो पत्नी व बच्चे वहां नहीं थे। इस दौरान वह छत पर गया तो जबीना वहां गिरी पड़ी थी। छोटा लड़का मम्मी की गोद में दबा रो रहा था। पत्नी की सांस चल रही थी। जिस पर उसने एम्बुलेंस बुलाई और उसे गोहपारू अस्पताल पहुंचाया।

डेढ़ माह से चल रहा था प्रेम प्रसंग

अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने जबीना को मृत घोषित कर दिया। पुलिस को जानकारी देते हुए वसीम ने बताया कि उसकी पत्नी को सांस लेने में दिक्कत होती थी। उसके सीने में दर्द बना रहता था। संदेह के आधार पर पुलिस ने वसीम से पूछताछ की। पुलिस ने जब सख्ती दिखाई तो वसीम सच उगलने पर मजबूर हो गया। उसने बताया कि पुलिस को गुमराह करने के लिए उसने यह कहानी रची। वसीम ने पुलिस को बताया कि गोहपारू की ही एक बेवा के साथ पिछले डेढ़ माह से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसकी भनक उसकी पत्नी जबीना को लग गई थी। घटना के दिन वसीम घर से निकला तो जबीना छत से उस पर नजर रखे हुए थी। जब वसीम ने यह देखा तो वह घर लौटा और पत्नी से विवाद किया। छत पर रखे बांस के डंडे से सिर पर वार किए। जिससे वह बेहोश होकर गिर गई। इसके बाद वह दुकान चला गया। जब वह दुकान से घर लौटा तो खुद एम्बुलेंस बुलाई। पुलिस ने घटना के 48 घंटे बाद खुलासा किया कि महिला की मौत स्वाभाविक नहीं थी। उसकी हत्या उसके पति ने ही की है। पुलिस ने आरोपी मोहम्मद वसीम के विरुद्ध भादंवि की धारा 302 और 201 के तहत गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

Next Story