
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- सतना
- /
- विंध्य : मां ने जिगर...
विंध्य : मां ने जिगर के टुकड़ों के साथ किया ऐसा कि जिसने भी सुना उसकी रूह काँप गई

सतना. आर्थिक तंगी से परेशान एक महिला ने आत्मघाती कदम उठा लिया। उसने पहले दो बच्चों को घर के अंदर बने कुएं में फेंक दिया। इसके बाद खुद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना में तीनों की मौत हो गई। यह वारदात ताला थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के लिए सीन ऑफ क्राइम यूनिट से फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। बताया जा रहा कि महिला के पति की मौत तीन माह पूर्व हो चुकी है। उसके बाद से परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था।
पुलिस के अनुसार
पुलिस के अनुसार, शाहपुर गांव में रहने वाली विमला कुशवाहा पत्नी रामआश्रय कुशवाहा (25) की फंदे पर झूलने से मौत हुई है। जबकि विमला के बेटे हर्ष कुशवाहा (३) व बेटी नैंसी (5) के शव घर में ही बने कुएं से निकाले गए हैं। फॉरेंसिक अधिकारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि विमला ने पहले दोनों बच्चों को कुएं में फेंका, उसके बाद खुद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, जांच जारी है, अभी सभी तथ्यों की जांच चल रही है।
होगा डायटम परीक्षण पुलिस का कहना है, बच्चों की मौत पानी में डूबने से हुई या मौत के बाद उन्हें कुएं में डाला गया? इसे शुरुआती जांच में स्पष्ट नहीं किया जा सकता। इसलिए इसका पता लगाने डायटम परीक्षण का निर्णय लिया गया है। साथ ही महिला की मौत फंदे पर झूलने से हुई है, पुष्टि के लिए उसके गले की हड्डी ट्रेकिया को परीक्षण के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा जाएगा।
परेशान थी विमला यह बात सामने आ रही कि पति की मौत के बाद विमला मानसिक तौर पर परेशान हो गई थी। बच्चों की जिम्मेदारी उसके लिए बड़ी चुनौती थी। भले ही परिवार साथ दे रहा था, फिर भी वह परेशान रहती थी। पुलिस जांच करते हुए घटना का सही कारण जानने की कोशिश कर रही है। घटना के संबंध में पुलिस परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर रही है।
देवर करता था देखरेख विमला के पति रामाश्रय की मृत्यु जून महीने में रीवा के चोरहटा थाना क्षेत्र में हुई। वह वहां राजमिस्त्री का काम करता था। कर्ज से दबने के कारण उसने फंदा लगाया था। इस प्रकरण की जांच अभी चल ही रही है। पति की मृत्यु के बाद विमला और उसके बच्चों की देखरेख गांव में देवर करने लगा था। परिवार के सदस्य भी साथ थे।
भतीजी ने मचाया शोर पुलिस का कहना है, सुबह करीब पांच बजे विमला के जेठ की बेटी की नींद खुली। उसने विमला को कमरे में फंदे पर लटका पाया। शोर करते हुए परिवार के अन्य सदस्यों को बुलाया, तो बच्चों की तलाश शुरू हुई। घर में ही बने कुएं में हर्ष का शव नजर आया, तो कांटा डालकर उसे निकाला। इसके बाद नैंसी का शव उसी कुएं से मिला।





