सतना

सतना में बड़ा हादसा : बस पलटी, दो की मौत, 30 यात्री घायल

Aaryan Dwivedi
16 Feb 2021 11:24 AM IST
सतना में बड़ा हादसा : बस पलटी, दो की मौत, 30 यात्री घायल
x
Get Latest Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, Today News in Hindi, Breaking News, Hindi News - Rewa Riyasat
सतना | सतना-चित्रकूट सड़क मार्ग पर ओव्हरलोड बस अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में आई चोटों के कारण बस की गेट में सफर कर रहे दो यात्रियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। 30 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। घायल यात्रियों को पुलिस और प्रशासनिक अमले ने कांच तोड़कर बस से बाहर निकाला। 20 यात्रियों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के द्वारा प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
खाम्हा खूझा के पास हुई दुर्घटना, 30 यात्री घायल
इस संबंध में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सिंहपुर से सतना चलने वाले बस क्रमांक एमपी 19पी/0535 का चालक सवारियां लेकर सतना आ रहा था। बस में क्षमता से ज्यादा सवारियां बैठी हुई थी। रास्ते में सिविल लाइन थानान्तर्गत खाम्हा खूझा के पास 9 बजे के करीब कमानी का पटा टूटने से बस अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित बस सड़क से उतरकर पलट गई। बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में बस के गेट में सफर कर रहे अरुण कुमार विश्वकर्मा पिता रामराज विश्वकर्मा 45 वर्ष निवासी पोड़ी थाना कोठी एवं राम बिहारी उर्फ लालू विश्वकर्मा पिता श्याम शरण विश्वकर्मा 32 वर्ष निवासी झाली थाना कोठी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
एसडीएम व पुलिस पहुंची मौके पर
बस पलटने की सूचना मिलने पर एसडीएम बलवीर रमन के अलावा सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और प्रशासनिक अमले ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से बस के अन्दर फंसे घायल यात्रियों को कांच तोड़कर बाहर निकाला। घायल यात्रियों को 108 एम्बूलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया। क्रेन के सहारे दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क किनारे किया गया। सिविल लाइन पुलिस बस जब्त कर आरोपी चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई कर रही है।
32 सीटर बस में 60 यात्री
जानकारी के अनुसार बस क्र. एमपी 19पी/0535 आरटीओ से 32 सीट पास है। 32 सीटर बस में 60 के करीब यात्री सवार थे। क्षमता से ज्यादा सवारियां होने के कारण अधिकांश सवारियां खड़ी थी। पुलिस ने बताया कि दर्जनों यात्री बस की गेट को खोलकर झूलते हुए यात्रा कर रहे थे। कमानी टूटने से बस पलटी, जिससे गेट मेंं यात्रा कर रहे दो यात्रियों की मौत हुई।
ये हुए घायल
बस पलटने से रिंकू यादव, अनुपमा गौतम, हेमचन्द्र, शैलेन्द्र सिंह, बाबूलाल डोहर, संदीप सेन, ममता वर्मा, अनूप त्रिपाठी, नीरज कुशवाहा, सुनील साकेत, राम लखन कुशवाहा, वीरेन्द्र सिंह, राजकुमार कुशवाहा, रमेश कुशवाहा, साहब लाल कहार, राकेश चौधरी, फूलन चौधरी, राजेन्द्र दाहिया, लक्ष्मी व गीता चौधरी को गंभीर चोटें आर्इं। घायलो को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Next Story