
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- सतना
- /
- सतना / पत्थर पटक कर...

सतना। जिले में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार की रात सिर पर पत्थर पटक कर एक युवक की नृशंस हत्या कर दी गई। वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने तफ्तीश और अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। देर रात एसपी धर्मवीर सिंह घटना स्थल पर पहुंचकर मौका मुआयना किया।
मिली जानकारी अनुसार शहर के समीपी ग्राम साइडिंग में बुधवार की रात एक युवक की हत्या कर दी गई। मृतक की शिनाख्त यहोसू लाल पिता बेंजामिन उम्र 25 वर्ष निवासी 50 क्वार्टर लालपुर के रूप में की गई है। मृतक सतना शहर में खेरमाई रोड स्थित टाइल्स की दुकान शांति ट्रेडर्स में नौकरी करता था। ड्यूटी से वह रोजाना रात में साढ़े 8 या 9 बजे तक घर वापस पहुंच जाया करता था। बुधवार की रात लगभग 9 बजे उसे सगमनिया साइडिंग के पुराने कम्युनिटी हॉल के पास लहूलुहान पड़े देखा गया । उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोट लगी थी। माना जा रहा है कि किसी अज्ञात हमलावर द्वारा उसके सिर पर पत्थर पटक कर उसे मरणासन्न हालत में छोड़ कर भाग निकले।
यहोसू को वहां घायल हालत में देख कर लोगों ने उसके परिजनों को सूचना दी जिसके बाद रात लगभग 10 बजे उसे जिला अस्पताल ले आया गया। अस्पताल में लगभग आधा घण्टे तक चले उपचार के बाद बिगड़ती हालत को देखते हुए उसे जबलपुर रेफर कर दिया गया। लेकिन इससे पहले कि एम्बुलेंस जिला अस्पताल से बाहर निकल पाती यहोसू की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर कोलगवां थाना पुलिस अस्पताल पहुंच गई। बाबूपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में हुई इस वारदात के पीछे की कोई वजह फिलहाल पुलिस के सामने नही आई है। जांच दृ पड़ताल शुरू कर दी गई है। उधर देर रात एसपी धर्मवीर सिंह यादव घटना की जानकारी मिलने पर खुद मौका मुआयना करने साइडिंग पहुंचे। उन्होंने सम्बंधित थाना पुलिस को जल्द से जल्द हत्यारोपी को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं।




