सतना

एमपी के सतना में तिरंगा यात्रा में शामिल नायब तहसीलदार की अचानक हो गई मौत

Sanjay Patel
14 Aug 2023 1:52 AM GMT
एमपी के सतना में तिरंगा यात्रा में शामिल नायब तहसीलदार की अचानक हो गई मौत
x
MP News: मध्यप्रदेश के सतना जिले में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही थी। जिसमें शामिल बिरसिंहपुर के प्रभारी तहसीलदार की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उन्होंने देखते ही देखते दम तोड़ दिया।

मध्यप्रदेश के सतना जिले में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही थी। जिसमें शामिल बिरसिंहपुर के प्रभारी तहसीलदार की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उन्होंने देखते ही देखते दम तोड़ दिया। अचानक हुई इस घटना से हड़कम्प की स्थिति निर्मित हो गई। आनन-फानन में उन्हें एम्बुलेंस से सतना के बिरला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बोले गर्मी लग रही और हो गए अचेत

सतना जिले के बिरसिंहपुर में रविवार को तिरंगा यात्रा निकाली गई थी। जिसमें बिरसिंहपुर तहसील में पदस्थ नायब तहसीलदार कृष्ण कुमार पटेल उम्र 56 वर्ष भी शामिल हुए थे। यात्रा के दौरान ही उनकी तबीयत बिगड़ गई। वह लगभग डेढ़ किलोमीटर पैदल चलने के बाद नगर परिषद की सीढ़ियां चढ़कर ऊपर पहुंचे। जहां से नीचे उतरकर एक ज्वेलर्स की दुकान के समीप कुर्सी पर बैठ गए। इस दौरान उन्होंने कहा कि उनको गर्मी लग रही है। जिससे दुकानदार ने कूलर उनकी ओर घुमा दिया। बताया गया है कि प्रभारी तहसीलदार वहीं पर बैठे-बैठे ही अचेत हो गए। जिसके बाद उन्हें एम्बुलेंस से बिरला अस्पताल ले जाया गया किंतु तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

चार माह पूर्व मिली थी पदोन्नति

जानकारी के अनुसार बिरसिंहपुर तहसील में पदस्थ नायब तहसीलदार कृष्ण कुमार पटेल सीधी जिले के ग्राम पड़रिया थाना कमर्जी के रहने वाले थे। उनको चार माह पूर्व ही पदोन्नति मिली थी। राजस्व निरीक्षक से पदोन्नत कर उनको नायब तहसीलदार बनाया गया था। सीधी जिले से उनका स्थानांतरण सतना किया गया था। सतना कलेक्ट्रेक्ट के अधीक्षक भू-अभिलेख शाखा में उन्होंने आमद दी थी। उन्हें 8 अगस्त को बिरसिंहपुर तहसील का प्रभारी बनाकर भेजा गया था। उन्होंने बिरसिंहपुर में 9 अगस्त को चार्ज लिया था।

मौके पर पहुंचे अधिकारी

तिरंगा यात्रा में शामिल नायब तहसीलदार के मौत की खबर सुनकर कलेक्टर अनुराग वर्मा, एडीएम ऋषि पवार, निगमायुक्त अभिषेक गहलोत, एसडीएम सिटी नीरज खरे तथा मझगवां एसडीएम जितेन्द्र वर्मा सहित अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे। जहां से उनके शव को जिला अस्पताल लाया गया। उनके परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। रात में ही उनके पोस्टमार्टम का इंतजाम कराया गया। शव को उनके गृहग्राम ले जाने के लिए एम्बुलेंस का भी प्रबंधन प्रशासन द्वारा किया गया। मृतक के परिजनों का कहना है कि उनको हार्ट की बीमारी थी। हार्ट का आपरेशन भी हुआ था।

Next Story