सतना

सतना नगर निगम के मस्टर कर्मियों ने थामा कटोरा, नियमितीकरण करने मांगी भीख

Sanjay Patel
18 Sep 2023 10:53 AM GMT
सतना नगर निगम के मस्टर कर्मियों ने थामा कटोरा, नियमितीकरण करने मांगी भीख
x
MP News: मध्यप्रदेश के सतना में नगर पालिक निगम के मस्टर कर्मियों का विरोध प्रदर्शन जारी है। आज उन्होंने प्रदर्शन का अलग तरीका अख्तियार किया।

मध्यप्रदेश के सतना में नगर पालिक निगम के मस्टर कर्मियों का विरोध प्रदर्शन जारी है। आज उन्होंने प्रदर्शन का अलग तरीका अख्तियार किया। सोमवार को उन्होंने हाथ में कटोरा थाम लिया और नियमितीकरण के लिए भीख मांगी। इस दौरान कर्मचारी समूह में निकले और भीख मांगने महापौर के पास भी पहुंचे।

राज्य शासन स्तर पर अटका है मामला

सतना नगर निगम के मस्टर कर्मी (संविदा) ने विरोध का अलग तरीका अपनाया। नियमितीकरण की मांग को लेकर आंदोलनरत कर्मचारी समूह में निकले। सभी कर्मचारियों ने हाथ में कटोरा थाम रखा था। कटोरे पर नियमितीकरण की मांग के स्टिकर भी लगाए गए थे। निगम कर्मी नगर निगम कार्यालय के चेम्बर्स में घूमे और अपनी मांगों के लिए समर्थन मांगा। कर्मचारी महापौर योगेश ताम्रकार के चेम्बर में भी पहुंची और उनसे भी नियमितीकरण के लिए भीख मांगी। महापौर को मस्टर कर्मियों ने बताया कि वर्ष 2007 में नियुक्त कर्मियों को नियमित किए जाने की अनुशंसा 2016 में मेयर इन काउंसिल से भी की जा चुकी है। किंतु यह मामला तब से राज्य शासन के स्तर पर अटका हुआ है।

महापौर ने सहयोग का दिया आश्वासन

नगर निगम के मस्टर कर्मियों को महापौर योगेश ताम्रकार द्वारा आश्वासन दिया गया कि उनकी मांग के संबंध में प्रशासन एवं शासन स्तर से चर्चा कर समाधान निकलवाया जाएगा। यहां पर बता दें कि गत कई दिनों से नगर निगम सतना के संविदा कर्मचारी लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। रैली निकालकर कलेक्ट्रेट में वह धरना भी दे चुके हैं। उनके द्वारा नगर निगम परिसर में सद्बुद्धि यज्ञ भी किया जा चुका है। तब उनके आंदोलन को समर्थन प्रदान करने कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा भी मौके पर पहुंचे थे। बताया गया है कि मस्टर कर्मियों के नियमितीकरण का मामला राज्य शासन स्तर पर अटका हुआ है। शासन से स्वीकृति मिल जाने पर जहां सतना नगर निगम के सैकड़ों कर्मचारियों को लाभ मिलेगा, तो वहीं प्रदेश भर में नगरीय निकायों के लगभग 50 हजार कर्मचारी लाभान्वित होंगे।

Next Story