
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- सतना
- /
- सतना में मोदी की...
सतना में मोदी की चुनावी सभा: कहा-कांग्रेस आई तो योजनाएं बंद कर देगी; आपके एक वोट में त्रिशक्तियां, यानी तीन कमाल

PM MODI IN SATNA: विधानसभा निर्वाचन की घोषणा के बाद पीएम मोदी का मध्यप्रदेश के सतना में आज सातवां दौरा है। गुरुवार की सुबह प्रधानमंत्री ने सतना में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। यहां पीएम ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है।
गुरुवार को सतना में हुई चुनावी सभा में पीएम मोदी ने कहा, 'कांग्रेस के झूठ का गुब्बारा मतदान के पहले ही फूट गया है। कांग्रेस के नेताओं के पास मध्यप्रदेश के विकास का कोई रोडमैप नहीं है। इनके थके हारे चेहरों में एमपी के युवाओं का कोई भविष्य नहीं दिख रहा। इसलिए मध्यप्रदेश को मोदी की गारंटी पर पूरा भरोसा है। कांग्रेस जहां भी आई है सिर्फ तबाही लेकर आई है।'
पीएम ने वादा करते हुए कहा, 'हम आयोध्या में जिस भक्ति से प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बना रहें हैं, उसी भक्ति से गरीबों के लिए घर भी बनाते हैं। जिन्हे अब तक घर यानी पीएम आवास नहीं मिला है, उन्हे मोदी की गारंटी है कि उनका भी घर जल्द बनेगा। 3 दिसंबर को मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार की वापसी के बाद पीएम आवास योजना का काम तेजी से शुरू होगा। ये मोदी है, जिसने 4 करोड़ घर बनाए, लेकिन खुद के लिए घर नहीं बनाया।'
मोदी ने फ़र्स्ट टाइम वोटर्स को बधाई दी और कहा कि पूरे चुनाव को आप लीड करिए। सतना के बाद पीएम छतरपुर, और नीमच में भी चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री के भाषण की 5 बड़ी बातें...
राम मंदिर से पूरे देश में खुशी की लहर
मैं आजकल जहां भी जाता हूं, वहां अयोध्या में बन रहे प्रभु राम के मंदिर की चर्चा चलती है। पूरे देश में खुशी की लहर है। सौभाग्य से भरे इस पावन कालखंड में मेरे मन में एक बात बार-बार आती है। यह बात मुझे आंदोलित करती रहती है और मुझे तेज गति से दौड़ने की प्रेरणा देती रहती है। यह बात है- राम काज कीन्हें बिनु, मोहि कहां विश्राम...। अब रुकना नहीं है, थकना नहीं है।
एक वोट में त्रिशक्तियां, यानी तीन कमाल
MP के चुनाव में आपका हर वोट त्रिशक्ति की ताकत से भरा हुआ है। 1). आपका एक वोट यहां फिर से भाजपा की सरकार बनाने जा रहा है। 2). आपका वोट दिल्ली में मोदी को मजबूत करेगा। 3). आपका यही वोट भ्रष्टाचारी कांग्रेस को MP की सरकार से सौ कोस दूर रखेगा। यानी एक वोट, तीन कमाल।
जिनका जन्म नहीं हुआ, कांग्रेस ने उन्हें लाभार्थी बनाया
कांग्रेस ने देशभर में करीब 10 करोड़ फर्जी लाभार्थी बनाए। जिनका जन्म भी नहीं हुआ था, कांग्रेस सरकार उनके नाम से तिजोरी से पैसे निकालती थी। ये पैसे कांग्रेस के चेले-चपाटों की जेब में जाते थे। मोदी ने ये सारे घोटाले बंद कर दिए। कांग्रेस के करप्शन राज में बिचौलियों की मौज थी। इस पर भी ताला लगा दिया।
कांग्रेस आई तो योजनाएं बंद कर देगी
MP में कांग्रेस ने आपके सामने 2 ऐसे नेता खड़े किए हैं, जो कई दशकों से मध्यप्रदेश कांग्रेस को चलाते हैं। आजकल दोनों एक-दूसरे के कपड़े फाड़ रहे हैं। कांग्रेस आई तो मुफ्त राशन मिलना बंद हो जाएगा। मुफ्त में इलाज मिलना बंद हो जाएगा। लाड़ली बहना योजना बंद हो जाएगी
सतना से विश्व शांति का संदेश
ये सतना की ही ताकत और सामर्थ्य है कि बंदूक की नली से संगीत के सुर निकलते हैं। विश्व में जब चारों तरफ बम-बंदूक की आवाजें सुनाई दे रही हैं, भारत जैसे देश आज दुनिया में अपने विचार का प्रभाव पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। युद्ध की मानसिकता वाले मानव समुदाय को सतना की इस धरती का ये बहुत ही सशक्त संदेश है।
सतना की सभा से कई सीटों पर सीधा असर
PM की सतना की सभा ने विंध्य की 30 विधानसभा सीटों को कवर किया। सतना की 7 तो रीवा जिले की 8 सीटों पर इसका सीधा असर पड़ा। छतरपुर की सभा से छतरपुर की 6, पन्ना की 3, टीकमगढ़ की 3, निवाड़ी की 2 सीट को PM कवर करेंगे। यह सभा बुंदेलखंड की 26 सीटों पर असर डालेगी। नीमच की सभा से नीमच की 3, मंदसौर की 4 सीट को कवर करेंगे। निमाड़ के दूसरे जिलों में भी इस सभा का असर होगा।
Aaryan Puneet Dwivedi
Aaryan Puneet Dwivedi is a senior editor and an experienced journalist who has been active in the news industry since 2013. He has extensive experience covering and editing news across multiple fields, including politics, national and international affairs, sports, technology, business, and social issues. He is a state-level accredited journalist recognized by the Madhya Pradesh government. Known for his in-depth understanding of news and current affairs, he focuses on delivering accurate, reliable, and reader-friendly information across all major news categories.




