सतना

एमपी के सतना में नाबालिग की कुल्हाड़ी मारकर हत्या, प्रेमी के घर पर मिली खून से सनी लाश

Sanjay Patel
13 Jun 2023 10:57 AM GMT
एमपी के सतना में नाबालिग की कुल्हाड़ी मारकर हत्या, प्रेमी के घर पर मिली खून से सनी लाश
x
MP News: मध्यप्रदेश के सतना जिले में नाबालिग लड़की की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी गई। प्रेमी के घर पर उसकी खून से सनी लाश पाई गई है।

मध्यप्रदेश के सतना जिले में नाबालिग लड़की की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी गई। प्रेमी के घर पर उसकी खून से सनी लाश पाई गई है। पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर तफ्तीश प्रारंभ कर दी गई है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। नाबालिग लड़की लाश मिलने से गांव में तनाव और मातम का माहौल है।

सिर, गर्दन और माथे पर मिले वार के निशान

सतना जिले के बरौंधा थाना अंतर्गत ग्राम मुड़िया देव में 16 वर्षीय नाबालिग की लाश पाई गई। लड़की के सिर, गर्दन और माथे पर कुल्हाड़ी से वार के निशान पाए गए हैं। मंगलवार की सुबह उसका शव उसके घर से कुछ दूरी पर स्थित एक घर में पाया गया। खून से सना हुआ शव जिस घर में मिला है वह मृतका के नाबालिग प्रेमी का बताया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि सुबह लगभग 7 बजे मृतका अपने घर से पानी लेने के लिए निकली थी। जिसको नाबालिग प्रेमी के साथ भी लोगों ने देखा था। कुछ समय बाद लगभग 10 बजे उसका रक्त रंजित शव घर के अंदर पड़ा मिला।

ऐसी भी की जा रही चर्चाएं

ग्रामीणों में ऐसी चर्चाएं भी होती रहीं कि नाबालिग प्रेमी जिसकी उम्र अभी 17 वर्ष है उसके परिजन शादी का रिश्ता लेकर लड़की के यहां गए थे। किंतु उसकी उम्र 16 वर्ष होने के कारण उसके पिता द्वारा लड़के वालों को दो वर्ष इंतजार करने के लिए कहा गया था। ग्रामीणों के मुताबिक लड़का इसके लिए तैयार नहीं था। इस दौरान दोनों के बीच बातचीत व मुलाकात होती रहती थीं। किंतु अचानक प्रेमी के घर से नाबालिग लड़की का शव मिलना लोगों के समझ से परे है। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

इनका कहना है

इस संबंध में बरौंधा टीआई आशीष धुर्वे का कहना है कि नाबालिग लड़की की शव लड़के के घर पर मिला है। ऐसा संदेह जताया जा रहा है कि हत्या को अंजाम उसी लड़के ने दिया है। लड़की की हत्या कुल्हाड़ी मारकर की गई है। लड़का मौके से लापता हो गया है। पुलिस द्वारा हत्या के कारणों की जांच प्रारंभ कर दी गई है। इसके साथ ही लड़के की भी तलाश में पुलिस जुट गई है।

Next Story