
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- सतना
- /
- सतना भाजपा के पूर्व...
सतना भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष पार्टी से निष्कासित: सतीश शर्मा पर महिला से छेड़खानी और प्रताड़ना का आरोप, परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी

सतीश शर्मा भाजपा से निष्कासित: सतना जिले के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं विधायक भगवानदास सबनानी ने शनिवार को एक आदेश जारी कर सतीश शर्मा को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से निष्कासित करने की जानकारी दी। यह निर्णय भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के निर्देश पर लिया गया है।
महिला ने लगाए थे गंभीर आरोप
सतीश शर्मा के निष्कासन का तात्कालिक कारण कोलगवां थाना क्षेत्र की एक महिला द्वारा उन पर लगाए गए गंभीर आरोप हैं। महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि सतीश शर्मा ने उसके साथ छेड़खानी की और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। महिला का यह भी आरोप है कि जब उसने शर्मा का विरोध किया, तो उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।
पार्टी की छवि को गहरी ठेस
भाजपा प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी द्वारा जारी निष्कासन पत्र में कहा गया है कि सतीश शर्मा के कृत्यों से पार्टी की छवि को गहरी ठेस पहुंची है, जिसे असहनीय माना गया है। इसी के चलते प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने उन्हें तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित करने का निर्णय लिया।
पहले भी विवादों में रहे हैं शर्मा
यह पहला मौका नहीं है जब सतीश शर्मा का नाम विवादों में आया हो। इससे पहले भी पार्टी की ही एक महिला कार्यकर्ता के साथ उनकी कथित आपत्तिजनक व्हाट्सएप चैटिंग सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। उस समय भी इस प्रकरण से पार्टी को काफी किरकिरी झेलनी पड़ी थी और उनकी छवि धूमिल हुई थी। ताजा मामले के बाद पार्टी ने आखिरकार उनके खिलाफ कड़ा कदम उठाया है।
Aaryan Puneet Dwivedi
Aaryan Puneet Dwivedi is a senior editor and an experienced journalist who has been active in the news industry since 2013. He has extensive experience covering and editing news across multiple fields, including politics, national and international affairs, sports, technology, business, and social issues. He is a state-level accredited journalist recognized by the Madhya Pradesh government. Known for his in-depth understanding of news and current affairs, he focuses on delivering accurate, reliable, and reader-friendly information across all major news categories.




