सतना

एमपी के सतना कलेक्टर की बनाई फेक आईडी, लोगों को भेजी रिक्वेस्ट

Sanjay Patel
23 Sep 2023 8:02 AM GMT
एमपी के सतना कलेक्टर की बनाई फेक आईडी, लोगों को भेजी रिक्वेस्ट
x
MP News: सोशल मीडिया पर झांसा देने और ठगी का शिकार बनाने लोगों द्वारा तरह-तरह के हथकण्डे अपनाए जाते हैं। कुछ लोग इनके झांसे में आकर ठगी का शिकार भी जाते हैं।

सोशल मीडिया पर झांसा देने और ठगी का शिकार बनाने लोगों द्वारा तरह-तरह के हथकण्डे अपनाए जाते हैं। कुछ लोग इनके झांसे में आकर ठगी का शिकार भी जाते हैं। कुछ इसी तरह का मामला सतना जिले का प्रकाश में आया है। यहां जालसाजों ने सतना कलेक्टर की फेक आईडी बनाकर लोगों के पास रिक्वेस्ट भेजी। हालांकि अभी तक किसी के ठगे जाने की सूचना नहीं है।

कुछ ने रिक्वेस्ट एक्सेप्ट भी की

फर्जी आईडी बनाकर सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को झांसा देने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। तमाम प्रयासों के बावजूद इस पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। जालसाजों ने सतना कलेक्टर अनुराग वर्मा के नाम से फेसबुक पर फर्जी प्रोफाइल आईडी जनरेट की है। जिसमें उसने कलेक्टर की असली फेसबुक आईडी में पोस्ट की हुई उनकी तमाम फोटो का इस्तेमाल भी किया है। इसके साथ ही सारी जानकारियां भी असली आईडी से चुराकर अपडेट की हैं। इसके माध्यम जालसाज ने तमाम लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भी भेजी। कुछ लोगों ने उसकी रिक्वेस्ट एक्सेप्ट भी कर ली है।

साइबर सेल करेगा जांच

इस संबंध में सतना कलेक्टर अनुराग वर्मा का कहना है कि उनको कुछ लोगों ने फोन पर जानकारी दी कि उनकी आईडी से फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी गई है। यह बात सुनकर वह हैरान रह गए क्योंकि उनके द्वारा किसी तरह की फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी ही नहीं गई थी। जब उन्होंने फेसबुक पर देखा तो उनकी निजी और पारिवारिक तस्वीरों के साथ उनके नाम की एक नई आईडी दिखाई पड़ी। किंतु इस आईडी में जो फेसबुक प्रोफाइल लिंक था उस पर किसी बेटू कुशवाहा का नाम अंग्रेजी में लिखा हुआ था। कलेक्टर अनुराग वर्मा ने पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता से साइबर सेल के माध्यम से इस मामले की जांच कराने को कहा है। इसके साथ ही कलेक्टर ने इस फेक आईडी के स्क्रीन शॉट को अपनी असल फेसबुक आईडी पर शेयर करते हुए लोगों से इस फेक प्रोफाइल से सावधान रहने की अपील भी की है।

Next Story