सतना

वोट मांगने आएं थें और रीवा-सतना की बेज्जती कर गए, जानिए क्या विवादित बयान दिया इन सांसद ने...

Aaryan Dwivedi
16 Feb 2021 11:26 AM IST
वोट मांगने आएं थें और रीवा-सतना की बेज्जती कर गए, जानिए क्या विवादित बयान दिया इन सांसद ने...
x
Get Latest Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, Today News in Hindi, Breaking News, Hindi News - Rewa Riyasat

रीवा। भाजपा के सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। इस बार विंध्य क्षेत्र के लोगों को उन्होंने अपना मजदूर बता डाला है। भाजपा युवा मोर्चा के कार्यक्रम में शामिल होने रीवा पहुंचे नंदकुमार ने सरकार की उपलब्धियां गिनाई और इसी आवेश में कहा कि कांग्रेस के जमाने में यहां भुखमरी थी। रीवा-सतना के लोग हमारे यहां बुरहानपुर में जाकर मजदूरी करते थे। हमारे यहां कपास के खेत में मजदूरी करते थे। यहां के लोग पेट पालने के लिए रातभर खेतों की रखवाली करते थे और उसी से मिलने वाले पैसों से गुजारा करते थे।

बोले अपने बाप और दादा से पूछना हाल नंदकुमार ने युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं से कहा कि जब अपने घर जाना तो बाप और दादा से सवाल करना कि पहले यहां की क्या स्थिति थी। किस तरह से लोग जीवन गुजारते थे। कांग्रेस के हाथों में जब तक विंध्य क्षेत्र रहा भर पेट लोग खाना नहीं पाते थे। इसीलिए हमारे यहां जाते थे।

सरकार बनाने युवाओं पर दारोमदार चुनावी तैयारी में जुटी भाजपा अब युवाओं को प्रोत्साहित कर रही है। इसी के तहत युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं का सम्मेलन आयोजित कर उनसे सरकार की उपलब्धियां गांव-गांव पहुंचाने का आह्वान किया गया है। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकारों की योजनाएं युवाओं के लिए सबसे अधिक हैं। इनके बारे में गांवों में जाकर बताना होगा।

चौथी बार सरकार बनाना आसान नहीं चौहान ने कहा कि लगातार चौथी बार प्रदेश में सरकार बनाना चुनौती भरा काम है, इस पर सफल होने के लिए युवा मोर्चा को अपनी भागीदारी निभानी होगी। पार्टी कार्यालय में आयोजित पंचायत संयोजक सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए नंदकुमार सिंह चौहान ने कहा कि विंध्य क्षेत्र भाजपा के लिए महत्वपूर्ण रहा है।

बाणसागर परियोजना को 40 साल तक कांग्रेस की सरकारों ने बाधित करने का काम किया। हमारी सरकार ने इसे पूरा किया और आज इस क्षेत्र में कृषि उत्पादन मालवा को भी पीछे छोडऩे जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस षडय़ंत्र के सहारे राजनीति करने का प्रयास कर रही है। इस वजह से युवा मोर्चा के कार्यकर्ता तत्काल जवाब देने की अपनी रणनीति तैयार करें।

युवा मोर्चा निभाएगा महत्वपूर्ण जिम्मेदारी इस दौरान भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पांडेय ने कहा कि हम कार्यकर्ताभाव लेकर प्रदेश के विकास में नई इबारत लिखेंगे। प्रदेश की सरकार ने युवाओं के संकल्प को पूरा करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मोर्चा के कार्यकर्ता पूरी सक्रियता के साथ काम करें। जिला अध्यक्ष विद्याप्रकाश श्रीवास्तव ने युवाओं को प्रदेश में चौथीवार सरकार बनाने का संकल्प दिलाया। इस दौरान भाजयुमो के जिला अध्यक्ष विवेक पांडेय, नरेन्द्र शर्मा सहित कई अन्य ने संबोधित किया।

शहर में निकाली बाइक रैली, नंदकुमार ने लगाया हेलमेट भाजपा युवा मोर्चा ने शहर के रतहरा बायपास से रैली निकाली। जिसमें नंदकुमार सिंह चौहान एवं भाजयुमो अध्यक्ष अभिलाष पांडेय भी शामिल हुए। इन्होंने तो हेलमेट लगाया लेकिन अन्य कार्यकर्ता बिना हेलमेट के ही रैली में निकले। इसके पहले सतना और पन्ना में भी रैली में अभिलाष ने हेलमेट नहीं लगाया था जिस पर सवाल उठाए गए थे।

रीवा में यह रैली शहर के कई हिस्सों का भ्रमण करते हुए ढेकहा स्थित पार्टी कार्यालय पहुंची। इसमें प्रमुख रूप से भाजयुमो प्रभारी जिला पंचायत सदस्य राजेन्द्र मिश्रा, संभागीय मीडिया प्रभारी योगेन्द्र शुक्ला, बृजेन्द्र गौतम, केके तिवारी, विक्रांत भदौरिया, अशोक द्विवेदी, अशोक सिंह गहरवार, रविकांत मिश्रा, शिवम द्विवेदी, रावेन्द्र शुक्ला, मार्तण्ड सिंह, नितिन चतुर्वेदी, दुर्गा तिवारी, गौरव पांडेय, अमीय शुक्ला, गौरव सिंह, आशुतोष शुक्ला, दयाकांत शुक्ला, देवांशु मिश्रा सहित भारी संख्या में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता शामिल हुए।

सौ. पत्रिका, रीवा
Next Story