सागर

एमपी के सागर में नकली नोट छापने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, 32 हजार रुपए बरामद

Sanjay Patel
12 Jun 2023 8:36 AM GMT
एमपी के सागर में नकली नोट छापने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, 32 हजार रुपए बरामद
x
MP News: मध्यप्रदेश के सागर जिले में नकली नोट छापने का गोरखधंधा किया जा रहा था। यूट्यूब पर वीडियो देखकर वह नकली नोट बनाना सीख गए और उसे अंजाम देने लगे।

मध्यप्रदेश के सागर जिले में नकली नोट छापने का गोरखधंधा किया जा रहा था। यूट्यूब पर वीडियो देखकर वह नकली नोट बनाना सीख गए और उसे अंजाम देने लगे। छापे गए नोटों को मार्केट में खपा भी रहे थे। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिनके पास से 32 हजार रुपए से अधिक नकली नोट बरामद किए गए हैं।

50, 100 व 500 के छापते थे नकली नोट

सागर में आरोपियों द्वारा 50, 100 व 500 रुपए के नकली नोट छापने का कार्य किया जाता था। पुलिस का कहना है कि नकली नोट छापने वाले गिरोह के दो सदस्यों को संजय ड्राइव से पकड़ा गया था। जिनसे पूछताछ के बाद कृष्णगंज स्थित घर पर दबिश देकर वहां से नकली नोट छापने में उपयोग किया गया कागज, प्रिंट जब्त किया गया। आरोपियों के कब्जे से 32 हजार रुपए से अधिक नकली नोट जब्त किए गए हैं। जिनमें 50 रुपए के 62 नकली नोट, 100 रुपए के 136 नोट और 500 रुपए के 32 नकली नोट शामिल हैं।

किराए से ले रखा था कमरा

आरोपियों से जब मोतीनगर थाना पुलिस ने पूछताछ की तो अहद और सुभान ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो देखकर नकली नोट छापने का तरीका उन्होंने सीखा था। जिसके बाद स्वयं नकली नोट छापने की प्लानिंग की। जिसमें शनिचरी बजरिया निवासी राशिद भी उनके इस कार्य में शामिल हुआ। उनके द्वारा प्रिंट, 80 जीएसएम का पेपर खरीदा गया और इस कार्य को अंजाम दिया जाने लगा। इसके लिए वह शनिचरी में किराए का कमरा भी ले रखा था। उनके द्वारा 50, 100 और 500 के नकली नोट छापकर बाजार में खपा दिये जाते थे। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि करीब 50 हजार रुपए के नकली नोट छापे थे। जिसमें पुलिस ने 32 हजार 700 रुपए के नकली नोट जब्त कर लिए हैं।

पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

मुखबिर से मिली सूचना पर मोतीनगर थाना पुलिस ने संजय ड्राइव पर संदिग्धों की घेराबंदी की गई। संदेही युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। किंतु पुलिस जवानों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने अहद राइन 26 वर्ष निवासी तुलसीनगर वार्ड, सुभान राइन 25 वर्ष निवासी कटरा को हिरासत में ले लिया। जिनसे पूछताछ की गई। इसके बाद कृष्णगंज बजरिया चौराहे के एक घर पर दबिश देकर राशिद खान को हिरासत में लिया। वहीं से नकली नोट व कागज जब्त किया गया। पुलिस द्वारा अब यह जानकारी जुटाई जा रही है कि आरोपियों द्वारा कहां-कहां इन नकली नोटों को खपाया गया है। इसके साथ ही इनके नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।

Next Story