सागर

MP News: सागर के मुर्दाघर में शवों से चोरी हो रही आंखें, अस्पताल वाले बोले चूहे खा लेते हैं

Sanjay Patel
19 Jan 2023 10:56 AM GMT
MP News: सागर के मुर्दाघर में शवों से चोरी हो रही आंखें, अस्पताल वाले बोले चूहे खा लेते हैं
x
सागर जिला अस्पताल के मुर्दाघर में रखे गए शवों से आंखें गायब हो रही हैं। एक पखवाड़े के अंदर ऐसी दूसरी घटना सामने आई है जिसमें मर्चुरी में रखे शव की एक आंख गायब पाई गई।

सागर जिला अस्पताल के मुर्दाघर में रखे गए शवों से आंखें गायब हो रही हैं। एक पखवाड़े के अंदर ऐसी दूसरी घटना सामने आई है जिसमें मर्चुरी में रखे शव की एक आंख गायब पाई गई। ऐसे में लोग यह कयास लगा रहे हैं कि कहीं आंखें चोरी तो नहीं की जा रहीं। हालांकि इस संबंध में अस्पताल प्रबंधन का तर्क है कि शवों से आंखें चूहे खा जाते हैं।

डीप फ्रीजर में रखा गया था शव

बताया गया है कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत किशोर न्यायालय के पीछे रहने वाला रमेश अहिरवार घर से गायब हो गया था। 15 जनवरी को वह घर से गायब हुआ था और पुलिस को 16 जनवरी को वह घायल अवस्था में मिला था। रमेश को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सागर जिला अस्पताल में उपचार के दौरान 17 जनवरी को उसकी मौत हो गई। चिकित्सकों का कहना है कि उसे मिर्गी की बीमारी थी। 17 जनवरी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई थी जिसके कारण उसके शव को डीप फ्रीजर में रखवा दिया गया था। 17-18 जनवरी की दरमियानी रात फ्रीजर के अंदर रखे गए शव की आंख गायब हो गई। उसके आंख की जगह खून निकल रहा था। जिला अस्पताल के चिकित्सकों का कहना है कि आंख चूहे कुतरकर खा गए होंगे।

एक पखवाड़े में दूसरी घटना

सागर जिला अस्पताल के मुर्दाघर से शव के आंख गायब होने की यह दूसरी घटना है। इसके पूर्व भी 4 जनवरी को आमेट गांव निवासी 32 वर्षीय युवक मोती पिता बारेलाल गौंड की भी आंख गायब हो गई थी। जिस पर भी अस्पताल प्रबंधन द्वारा यह तर्क दिया गया था शव की आंख चूहे कुतरकर खा गए होंगे। इस मामले की जांच के लिए सीएमएचओ डाॅ. ममता तिमोरी द्वारा एक जांच समिति भी बनाई गई थी किंतु आज तक इस जांच समिति द्वारा कोई रिपोर्ट पेश नहीं की गई। पहले शव की आंख गायब होने पर बताया गया था कि डीप फ्रीजर खराब हैं जिससे शव बाहर रखा गया था। किन्तु इसके बाद अस्पताल के दोनों फ्रीजरों को सुधरवाया गया और शव को उसी के अंदर रखा जाने लगा। किन्तु डीप फ्रीजर में रखे शव से भी आंख गायब हो जाना समझ से परे है।

Next Story